अधिवक्ता संघ अध्यक्ष पद के लिए 9 दावेदारों ने ठोकी ताल, दो पूर्व अध्यक्ष फिर चुनावी मैदान में
निवर्तमान अध्यक्ष राजेश तिवारी और पूर्व अध्यक्ष अशोक सक्सेना सहित कई दिग्गजों ने भरा पर्चा, युवा प्रत्याशी देवेंद्र खरे टिक्कू पर भी निगाहें

5 नवंबर को 389 मतदाता करेंगे फैसला
पन्ना। जिला अधिवक्ता संघ पन्ना के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होते ही न्यायालय परिसर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को नामांकन के अंतिम दिन विभिन्न पदों के लिए अधिवक्ताओं ने उत्साह के साथ नामांकन पत्र दाखिल किए। सबसे अधिक गहमागहमी अध्यक्ष पद को लेकर देखने को मिल रही है, जहां नौ दावेदारों के मैदान में आने से चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। खास बात यह है कि निवर्तमान अध्यक्ष राजेश तिवारी और पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार सक्सेना ने एक बार फिर अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की है। वहीं युवा अधिवक्ता देवेंद्र खरे टिक्कू की दावेदारी भी चर्चा में है। निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता विनय पूनियां एवं उप निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद असलम खान की देखरेख में निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र जमा कराए गए। अध्यक्ष पद के लिए सर्वाधिक दावेदारी सामने आने से अधिवक्ताओं के बीच चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वालों में अशोक कुमार सक्सेना, शारदा प्रसाद सिंगरौल, राजेश दीक्षित, अरविंद खरे, विद्याधर त्रिपाठी, देवेंद्र खरे टिक्कू, रामभगत पटेल, धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय और राजेश तिवारी शामिल हैं।
वहीं सचिव पद के लिए प्रवीण खरे, राहुल खरे, उदय कुमार त्रिपाठी, आशीष तिवारी, सुनील कुमार खरे, चरणदास जायसवाल और मनोज सोनी ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। महिलाओं के लिए आरक्षित उपाध्यक्ष पद पर पप्पी पटेल और साक्षी दुबे ने दावेदारी पेश की है। सह-सचिव पद के लिए प्रमोद कुमार सिंह और पंकज कुमार गर्ग ने नामांकन जमा किया है। कोषाध्यक्ष पद के लिए नीलम सिंह बुंदेला तथा पुस्तकालयाध्यक्ष पद के लिए संजय अहिरवार का एक-एक नामांकन प्राप्त हुआ है। दोनों पदों पर अन्य दावेदार सामने नहीं आने के कारण जांच एवं निर्वाचन की शेष औपचारिकताओं के बाद निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बन सकती है। कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए भी अधिवक्ताओं ने उत्साह दिखाया है। इस पद के लिए कैलाश गुप्ता मोदी, रामखिलावन सेन, सुनील कुमार द्विवेदी, अरुण प्रकाश मिश्रा, अंशु शर्मा, अनुपम त्रिपाठी, मृगेंद्र सिंह गहरवार, अजय कुमार पटैरिया, प्रवीण कुमार खरे एवं सौरभ कुमार शर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। निर्वाचन अधिकारी विनय पूनियां और उप निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद असलम खान ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 24 अक्टूबर को की जाएगी। इसके बाद 26 अक्टूबर को दोपहर 3ः30 बजे वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित होगी। उम्मीदवार 27 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। इसी दिन शाम 5 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची का प्रकाशन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 नवंबर को शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बार जिला अधिवक्ता संघ के कुल 389 मतदाता विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
पुराने प्रतिद्वंद्वियों के बीच नए चेहरों की चुनौती
अध्यक्ष पद के चुनाव में निवर्तमान अध्यक्ष राजेश तिवारी और उनके पुराने प्रतिद्वंद्वी पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार सक्सेना के दोबारा मैदान में उतरने से मुकाबले को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। इनके अलावा अन्य अनुभवी अधिवक्ताओं के साथ युवा दावेदार देवेंद्र खरे टिक्कू की दावेदारी ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। हालांकि अध्यक्ष पद के लिए अंतिम मुकाबले की स्थिति 27 अक्टूबर को नाम वापसी के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल नौ दावेदारों की मौजूदगी ने जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव को चर्चा का विषय बना दिया है। न्यायालय परिसर में प्रत्याशियों द्वारा साथी अधिवक्ताओं से संपर्क और समर्थन जुटाने का सिलसिला तेज हो गया है।



