अमानगंज में कांग्रेस ने मनाई पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती
स्कूलों में बच्चों को बांटी मिठाइयां

अमानगंज। जिले के अमानगंज नगर में 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती कांग्रेस सेवादल के नेतृत्व में उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने उनके जीवन और देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पंडित नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को प्रयागराज में हुआ था। उनके पिता मोतीलाल नेहरू प्रसिद्ध बैरिस्टर थे। देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को मिठाइयां वितरित कीं। कार्यक्रम में रामबहादुर द्विवेदी, सतीश द्विवेदी, वीरेंद्र काछी, कन्हैया, तम प्रकाश, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र तिवारी, रामेश्वर गर्ग, पुरुषोत्तम पांडे, पुष्पेंद्र सोनी, अभिषेक दुबे, सोनू खान, छोटू दुबे, सौरभ दुबे, अश्विनी भटनागर, संजय रियाजी, बाबू सिंह, साहिल खान, रामभगत सोनी, दिनेश पांडे, सजल ताम्बेकर सहित अनेक नेता एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने उत्साह के साथ जयंती समारोह में भाग लिया।




