रेलवे निर्माण के दौरान गिरे बिजली के खंभे, चार महीने से अंधेरे में बड़ागांव के ग्रामीण
ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

देवेन्द्रनगर। जिले की देवेंद्रनगर तहसील अंतर्गत ग्राम बड़ागांव के कुरयाना टोला में पिछले करीब चार महीनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीण परेशान हैं। वार्ड क्रमांक 14 और 15 के निवासियों का आरोप है कि रेलवे लाइन निर्माण के दौरान ठेकेदार द्वारा की गई करीब 30 फीट गहरी खुदाई के कारण 11 केवी विद्युत लाइन के खंभे गिर गए थे। इसके बाद से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है। समस्या से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर नायब तहसीलदार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से बिजली नहीं होने के कारण दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से कक्षा पांचवीं, दसवीं और बारहवीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को शाम और रात के समय पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है। खेतों के आसपास मकान होने के कारण अंधेरे में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। ग्रामवासी सरिता कोरी और अतुल दहिया ने बताया कि बिजली की समस्या को लेकर अगस्त माह में भी कलेक्टर से शिकायत की गई थी, लेकिन आश्वासन के बावजूद अब तक विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने रास्ते में लटक रहे बिजली के तारों और गिरे हुए खंभों से दुर्घटना की आशंका जताई है। उनका कहना है कि संबंधित विभागों को जल्द आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कराने, क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन एवं खंभों को दुरुस्त करवाने और कुरयाना टोला में बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल कराने की मांग की है।




