व्यस्त पोस्ट ऑफिस चैराहे पर सार्वजनिक सुलभ कॉम्प्लेक्स नियमित खुलने की जरूरत
बस यात्रियों और पोस्ट ऑफिस आने वाले लोगों को होती है परेशानी, निर्धारित समय पर संचालन की मांग

पन्ना। शहर के व्यस्ततम बड़े पोस्ट ऑफिस चैराहे पर सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा वर्ष 2023-24 में सार्वजनिक सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था। लेकिन इसका नियमित रूप से संचालन नहीं होने के कारण लोगों को अपेक्षित सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पोस्ट ऑफिस चैराहा शहर का प्रमुख आवागमन केंद्र है। यहां से अजयगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए बसों का संचालन होता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यहां बसों का इंतजार करते हैं। वहीं पोस्ट ऑफिस में भी सुबह से शाम तक लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में सार्वजनिक प्रसाधन सुविधा की आवश्यकता बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों की मांग है कि नगर पालिका परिषद सुलभ कॉम्प्लेक्स को नियमित रूप से खुलवाने की व्यवस्था करे। इसके लिए कर्मचारियों की तैनाती और निर्धारित समय तय किया जाए, ताकि राहगीरों, यात्रियों और पोस्ट ऑफिस आने वाले लोगों को सार्वजनिक सुविधा का लाभ मिल सके। शहर के प्रमुख चैराहे पर इस मूलभूत सुविधा का नियमित संचालन आमजन के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।इनका कहना है….इस सुलभ कांप्लेक्स में प्रतिदिन टैंकर जाकर साफ सफाई करता है क्योंकि यह निशुल्क है इस वजह से यहां पर किसी भी कर्मचारी को रखने की आवश्यकता नहीं है वहीं पड़ोस की दुकानदार के पास चाबी है जो सुबह खोल देता है यदि बीच में कहीं बंद हुआ है तो मेरी कोशिश होगी कि वह बंद ना रहे लोगों को सुविधा मिले।
वीरेंद्र चैरसिया, स्वच्छता प्रभारी, नगर पालिका परिषद पन्ना




