पन्ना में एसबीआई के एटीएम से ठगी का प्रयास, नगदी खिड़की पर चिपकाई टेप
दो ग्राहकों के खाते से कटे 25 हजार, नहीं निकला कैश, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही कोतवाली पुलिस

पन्ना। शहर के व्यस्ततम गल्लामंडी क्षेत्र में स्थित भारतीय स्टेट बैंक एसबीआई के एटीएम में छेड़छाड़ कर ग्राहकों की रकम फंसाने का मामला सामने आया है। यहां पैसे निकालने पहुंचे दो ग्राहकों के बैंक खातों से कुल 25 हजार रुपये कट गए, लेकिन मशीन से नकदी बाहर नहीं निकली। जांच के दौरान एटीएम की कैश निकलने वाली खिड़की पर लोहे की पट्टी और टेप चिपके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हर्ष द्विवेदी एटीएम से 15 हजार रुपये निकालने पहुंचे थे। लेनदेन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके खाते से रकम कट गई, लेकिन मशीन से पैसे नहीं निकले। इसी प्रकार ब्रजेश पटेल के खाते से भी 10 हजार रुपये कट गए, जबकि उन्हें नकदी प्राप्त नहीं हुई। मामले की जांच करने पर सामने आया कि अज्ञात व्यक्तियों ने एटीएम की नकदी निकलने वाली खिड़की पर लोहे की पट्टी और टेप लगा दिए थे। इसके चलते मशीन से निकलने वाली रकम बाहर आने के बजाय अंदर ही फंस रही थी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने पट्टी और टेप हटवाए। पुलिस अब एटीएम परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि छेड़छाड़ करने वालों की पहचान हो सके। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मशीन में इस तरह की छेड़छाड़ कब की गई थी। बैंक कर्मचारियों के अनुसार, जिले के एटीएम सेंटरों के संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी जबलपुर की एक निजी कंपनी को सौंपी गई है। गल्लामंडी जैसे व्यस्त क्षेत्र में एटीएम की निगरानी, सुरक्षा गार्ड की उपलब्धता और सीसीटीवी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दोनों ग्राहकों के खातों से कटी रकम की वापसी और घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान को लेकर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।


