पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

ऑटो वाले चमकी किस्मत, मिला 3.17 कैरेट का नायाब हीरा

रानीपुर की उथली खदान में मिला जेम्स क्वालिटी का बेशकीमती हीरा

पन्ना। हीरों की नगरी पन्ना की धरती कब किसकी किस्मत चमका दे, कहा नहीं जा सकता। यहां एक ऑटो चालक की मेहनत और किस्मत ने ऐसी कहानी लिखी है, जिसकी चर्चा हो रही है। शहर में ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले सोनू रैकवार को महज 15 दिनों की मेहनत के बाद 3.17 कैरेट का बेशकीमती हीरा मिला है। इस हीरे की अनुमानित कीमत करीब 11 से 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। खास बात यह है कि सोनू को पिछले कई दिनों से सपने में हीरा मिलने का एहसास हो रहा था और आखिरकार उनकी पहली खदान में ही यह सपना सच हो गया। सोनू रैकवार, बाबूलाल रैकवार के पुत्र हैं। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार की आजीविका चलाते हैं। सोनू के मुताबिक, पिछले एक महीने से उन्हें लगातार रात में हीरा मिलने के सपने आ रहे थे। करीब 10 से 15 दिनों तक ऐसे सपने आने पर उन्होंने यह बात परिवार के सदस्यों को बताई। परिजनों ने उन्हें हीरे की खदान लगाने की सलाह दी। इसके बाद सोनू ने हीरा कार्यालय पहुंचकर नियमानुसार खदान का पट्टा लिया और रानीपुर क्षेत्र में पहली बार उथली खदान का काम शुरू किया। सोनू को खदान शुरू किए अभी महज 15 दिन ही हुए थे कि उनकी मेहनत रंग ले आई। खुदाई के दौरान उन्हें 3.17 कैरेट का हीरा मिला। हीरा मिलने की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है। सामान्य दिनों में ऑटो चलाकर परिवार का खर्च उठाने वाले सोनू के लिए यह खोज बड़ी उपलब्धि बन गई है। हीरा पारखी अनुपम सिंह ने हीरे की जांच के बाद इसे जेम्स क्वालिटी का बताया है। इसकी अनुमानित कीमत 11 से 15 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। हीरे को नियमानुसार पन्ना हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है, जहां इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा। नीलामी से प्राप्त राशि से सोनू आगे भी खदान लगाने और बड़े हीरे की तलाश जारी रखने की योजना बना रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें अब भी बड़े हीरे मिलने के सपने आते हैं।


हीरा कार्यालय में 175 हीरे जमा
हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार, हीरा कार्यालय में अब तक कुल 175 हीरे जमा हो चुके हैं। इनका कुल वजन 387.21 कैरेट है और इनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 1 लाख रुपये बताई गई है। पन्ना की धरती पर मिलने वाले हीरे एक बार फिर यहां के खनिज वैभव और मेहनतकश लोगों की उम्मीदों को सामने ला रहे हैं। गौरतलब है कि लम्बे समय से हीरों की नीलामी नहीं होने से कार्यालय में जमा हीरों का लाभ पट्टेदारों को नहीं हो पा रहा है। नवागत खनिज अधिकारी शैलेन्द्र कुमार मिश्रा ने कहा है कि वे जल्द ही हीरे की नीलामी की कार्यवाही करेंगे, ताकि लोगों के हीरों की कीमत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button