प्रशासन के आश्वासन की 15 दिन की मोहलत पूरी, चिता आंदोलन पर आज होगा फैसला

पन्ना। जय किसान संगठन के बैनर तले सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर के नेतृत्व में 51 दिनों तक चले चिता आंदोलन के भविष्य पर गुरुवार, 19 नवंबर को फैसला होगा। आंदोलन स्थगित किए जाने के बाद प्रशासन को दिए गए 15 दिन के समय की अवधि पूरी होने पर वनहरी कला टपरियन स्थित चिता आंदोलन स्थल पर विस्थापित महापंचायत बुलाई गई है। इसमें मझगाय, रूँझ और ललितपुर-सिंगरौली रेल मार्ग परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों सहित संगठन के कार्यकर्ता शामिल होंगे। महापंचायत में 1 नवंबर को प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासनों की समीक्षा की जाएगी। अब तक मांगों पर हुई कार्रवाई और उनके निराकरण की स्थिति ग्रामीणों के सामने रखी जाएगी। इसके बाद सामूहिक रूप से तय किया जाएगा कि चिता आंदोलन दोबारा शुरू किया जाए या प्रशासन को मांगों के समाधान के लिए अतिरिक्त समय दिया जाए। ऐसे में महापंचायत को आंदोलन की आगे की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गौरतलब है कि जय किसान संगठन के नेतृत्व में चिता आंदोलन लगातार 51 दिनों तक चला था। संगठन का आरोप है कि इस दौरान आंदोलनकारियों को बिजली कनेक्शन काटने, शांति भंग के नोटिस देने और पुलिस कार्रवाई जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। संगठन ने कई आंदोलनकारियों पर गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जेल भेजे जाने पर भी सवाल उठाए हैं। आंदोलन के नेतृत्वकर्ता अमित भटनागर ने 28 दिनों तक आमरण अनशन किया था। उनकी तबीयत बिगड़ने के बावजूद विस्थापितों की मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहा। गुरुवार की महापंचायत में अमित भटनागर, दिव्या अहिरवार, हिस्सवी राजपूत, रामावतार कोंदर, दीपक द्विवेदी, गया कोंदर सहित आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ता और प्रभावित परिवार शामिल होंगे। मझगाय, रूँझ और ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना से जुड़े मुआवजे, पुनर्वास और विस्थापन के मुद्दों पर भी चर्चा होगी। अब महापंचायत में लिए जाने वाले निर्णय पर सबकी निगाहें रहेंगी कि चिता आंदोलन फिर शुरू होगा या प्रशासन को एक और मोहलत दी जाएगी।




