राष्ट्रीय वुशू प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे पन्ना के दो भाई
मनीष और रामप्रकाश विश्वकर्मा चेन्नई रवाना

पन्ना। खेल के क्षेत्र में पन्ना जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिला वुशू संघ पन्ना एवं फिटनेस ट्रेनिंग एकेडमी पन्ना मार्शल आर्ट क्लासेस के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी एवं सगे भाई मनीष विश्वकर्मा और रामप्रकाश विश्वकर्मा 25वीं राष्ट्रीय जूनियर वुशू प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ी 26 अक्टूबर को चेन्नई तमिलनाडु के लिए रवाना हुए। जिला वुशू संघ के सचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक इरफान खान ने बताया कि भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दोनों भाइयों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। मनीष विश्वकर्मा सांडा विधा के 48 किलोग्राम भार वर्ग में, जबकि रामप्रकाश विश्वकर्मा ताउलू विधा में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। राष्ट्रीय जूनियर वुशू प्रतियोगिता 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चेन्नई में आयोजित होगी। जिला वुशू संघ के अध्यक्ष महेंद्र कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि जिले के कुल पांच खिलाड़ियों का विभिन्न आयु वर्गों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ है। जूनियर वर्ग में मनीष विश्वकर्मा और रामप्रकाश विश्वकर्मा के अलावा सीनियर वर्ग में हर्षिता विश्वकर्मा 9 से 15 दिसंबर तक ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश में आयोजित 35वीं राष्ट्रीय सीनियर वुशू प्रतियोगिता में भाग लेंगी। इसी प्रकार सब-जूनियर वर्ग में सात्विक जड़िया और प्रतिष्ठा साहू 18 से 24 दिसंबर तक भुवनेश्वर, ओडिशा में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर वुशू प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। पांच खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से जिले के खेल जगत में उत्साह है। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर मध्यप्रदेश वुशू संघ के अध्यक्ष जयदीप प्रसाद (आईपीएस), सचिव मनोज गुप्ता, जिला खेल अधिकारी सुमित तोमर, फिटनेस ट्रेनिंग एकेडमी पन्ना के संरक्षक पहलवान सिंह, जिला वुशू संघ अध्यक्ष महेंद्र कुमार विश्वकर्मा, सचिव इरफान खान, कोषाध्यक्ष नशरूम नाज, जिला पेंचक सिलाट संघ अध्यक्ष दीपांशु गोस्वामी, जिला जु-जित्सु संघ अध्यक्ष अनामिका विश्वकर्मा तथा पन्ना हेल्थ क्लब के संचालक सैफ उल्ला सहित खेल प्रेमियों एवं अभिभावकों ने बधाई दी। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।



