महारानी दुर्गा राज्य लक्ष्मी विद्यालय में स्मृति क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य समापन
कृष्णा कुमारी ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

पन्ना। नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था महारानी दुर्गा राज्य लक्ष्मी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित स्व. श्री महेन्द्र महाराजा मानवेंद्र सिंह जू देव स्मृति क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह विद्यालय प्रांगण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंध समिति की सचिव कृष्णा कुमारी रहीं। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्व. श्री महेन्द्र महाराजा मानवेंद्र सिंह जू देव के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। संस्था के प्राचार्य कृष्ण नारायण पांडेय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। संस्था के क्रीड़ा प्रभारी ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि बैडमिंटन, शतरंज एवं कैरम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर विभिन्न खेलों के विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि कृष्णा कुमारी द्वारा सम्मानित किया गया। प्राचार्य कृष्ण नारायण पांडेय ने स्व. महाराजा मानवेंद्र सिंह जू देव के व्यक्तित्व एवं खेलों के प्रति उनके लगाव पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे फुटबॉल, क्रिकेट और पोलो के उत्कृष्ट खिलाड़ी रहे थे। मुख्य अतिथि कृष्णा कुमारी ने बताया कि महाराजा मानवेंद्र सिंह जू देव ने मेयो कॉलेज अजमेर में अध्ययन के दौरान विभिन्न खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। उनके नाम से बेस्ट प्लेयर अवॉर्ड आज भी कॉलेज के सूचना पटल पर अंकित है। उनकी स्मृति में विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष यह क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। समारोह का विशेष आकर्षण शिक्षकों की चेयर रेस रही, जिसमें संस्था के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में वरिष्ठ शिक्षक विनय कुमार गंगेले विजेता रहे। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



