पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

अक्षय नवमी पर मां सरस्वती मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना

तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने की आरती, आंवले के वृक्ष की पूजा कर समिति सदस्यों के साथ ग्रहण किया प्रसाद

अजयगढ़। अक्षय नवमी के पावन अवसर पर अजयगढ़ बस स्टैंड स्थित मां सरस्वती मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने मुसद्दी, छेदीलाल रजक और समिति के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में विधि-विधान से मां सरस्वती की पूजा कर आरती उतारी। इसके बाद समिति सदस्यों और श्रद्धालुओं ने भी माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और अमन-चैन की कामना की। अक्षय नवमी को आंवला नवमी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने और उसकी छाया में प्रसाद ग्रहण करने की परंपरा है। इसी परंपरा के तहत तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने मंदिर परिसर में लगे आंवले के वृक्ष की पूजा की और समिति सदस्यों के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। बस स्टैंड स्थित मां सरस्वती मंदिर अपनी आकर्षक बनावट और अष्टधातु से निर्मित कलात्मक प्रतिमा के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बसों से आने-जाने वाले यात्री भी मंदिर की सुंदर संरचना से आकर्षित होकर मां के दर्शन करते हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मां सरस्वती की अष्टधातु प्रतिमा के रखरखाव और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर के विकास के लिए भी विशेष कार्ययोजना बनाई जा रही है, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और वे आसानी से माता के दर्शन कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button