MP News: PM मोदी के सेवा के 25 वर्ष, : उज्जैन में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए CM मोहन यादव

MP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्य प्रदेश में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। उज्जैन के आस्था गार्डन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली हिस्सा लिया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का मशाल जलाकर शुभारंभ किया।
सेवा ज्योति कलश यात्रा का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद हाथ में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ की शुरुआत की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवाभाव, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नमन किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के पुरस्कृत पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल 25 वर्षों की अवधि नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा एक लंबा सफर है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य
मध्य प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ शुरू किया है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा है। इसके तहत सरकार की योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और सेवा गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
अभियान में स्वच्छता अभियान, रक्तदान, पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य और स्वच्छता, डिजिटल साक्षरता तथा सड़क सुरक्षा जैसी गतिविधियां भी शामिल की गई हैं। अलग-अलग जिलों में लोगों की भागीदारी के साथ इन कार्यक्रमों को आयोजित करने की योजना है।
विकसित भारत के संकल्प पर जोर
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई थी और अब उन्होंने शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे किए हैं। इस दौरान उन्होंने सेवा और राष्ट्र निर्माण को अपनी प्राथमिकता बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा को ‘संघर्ष से संकल्प तक’ की यात्रा के रूप में देखा जा सकता है। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ समाज के अलग-अलग वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की बात कही।
उज्जैन में बढ़ा धार्मिक पर्यटन
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में हुए विकास कार्यों और धार्मिक पर्यटन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। उनके अनुसार, पिछले वर्ष उज्जैन में करीब 7 करोड़ श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे, जबकि पूरे मध्य प्रदेश में यह संख्या करीब 20 करोड़ रही।
उन्होंने कहा कि उज्जैन में आस्था और विकास से जुड़ी गतिविधियां मध्य प्रदेश की बदलती तस्वीर को दिखाती हैं। धार्मिक पर्यटन के साथ शहर में सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
सेवा की मशाल आगे बढ़ाने का संदेश
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को लेकर कार्यक्रम हो रहे हैं, उसी भावना के साथ मध्य प्रदेश भी सेवा की मशाल और ज्योति को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेशवासियों को प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से सेवा और जनभागीदारी से जुड़े अभियानों में शामिल होने की अपील की। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।




