धर्मपन्नामध्यप्रदेशराज्य

पन्ना में सनातन हिंदू एकता रथयात्रा का भव्य स्वागत, जगह-जगह पुष्पवर्षा

मडला से अजयगढ़ होते हुए पन्ना पहुंचे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

राम जानकी मंदिर में सर्व ब्राह्मण समाज ने किया रथ पूजन
अमानगंज में उमड़ी भीड़ के बीच जेब कटने और जेवर चोरी की शिकायतें

पन्ना। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा के सोमवार को पन्ना जिले में आगमन पर जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। मडला से अजयगढ़ होते हुए पन्ना नगर तक यात्रा के स्वागत का सिलसिला जारी रहा। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का अभिनंदन किया। पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने भी रथयात्रा का आत्मीय स्वागत किया। यात्रा के आगमन को लेकर नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। जिले की सीमा में प्रवेश करने के साथ ही मडला क्षेत्र से स्वागत कार्यक्रम शुरू हो गए। अजयगढ़ में भी स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। इस दौरान विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रमों में शामिल हुए। पन्ना नगर पहुंचने पर भी यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। पन्ना नगर में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा स्थानीय राम जानकी मंदिर के सामने रथयात्रा का विशेष स्वागत किया गया। समाज के जिलाध्यक्ष श्रीराम रिछारिया के नेतृत्व में विप्र समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा की। वैदिक मंत्रोच्चार एवं स्वस्तिवाचन के बीच रथ पूजन किया गया। इस अवसर पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का श्रीफल, तिलक, माल्यार्पण एवं यज्ञोपवीत भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को मिष्ठान प्रसाद वितरित किया गया। स्वागत कार्यक्रम में आरडी शुक्ला, बालमुकुंद उपाध्याय, प्रमोद पाठक, अश्वनी पांडे, मिथिलेश तिवारी, विनोद अवस्थी, राजीव पटेरिया, रमेश मिश्रा, रमेश तिवारी, बृजेंद्र गर्ग, महेश गंगेले, उमा रिछारिया, भगवान सहाय पांडे, शिवकिशोर त्रिवेदी, राम कुमार मिश्रा, गंगा प्रसाद शर्मा, कुलदीप गंगेले, अजय बाजपेई, संदीप पाण्डेय, राजा तिवारी, पुष्पेंद्र द्विवेदी, अर्चना प्यासी और संगीता द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अमानगंज में उमड़ा जनसैलाब, स्टेडियम ग्राउंड में दिया एकता का संदेश
इसी क्रम में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे रथयात्रा अमानगंज पहुंची। नगर में यात्रा के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने जाति-पाति का भेदभाव मिटाने और हिंदू समाज में एकता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को हिंदू राष्ट्र और एकता का संकल्प भी दिलाया। अमानगंज में यात्रा के मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के इंतजाम किए गए थे।
भीड़ का फायदा उठाकर जेब काटने और जेवर चोरी के आरोप
अमानगंज में रथयात्रा के दौरान उमड़ी भीड़ के बीच कुछ लोगों ने जेब कटने और सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत भी की। जानकारी के अनुसार, प्रभावित लोग अपनी आपबीती लेकर अमानगंज थाने पहुंचे। भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों के सक्रिय होने की बात सामने आई है। हालांकि, चोरी की घटनाओं की कुल संख्या, नुकसान की राशि और पुलिस कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पन्ना जिले में रथयात्रा के आगमन पर मडला, अजयगढ़, पन्ना नगर और अमानगंज में हुए स्वागत कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आयोजकों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक जागरूकता और सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा जिले के पवई में रात्रि विश्राम के बाद हटा जिला दमोह के लिए रवाना होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button