रॉयल चिल्ड्रन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस

अमानगंज। रॉयल चिल्ड्रन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल अमानगंज में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू (चाचा नेहरू) के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद करते हुए किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में बच्चों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, भाषण, गायन एवं क्विज प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से सभी बच्चों को उपहार, चॉकलेट एवं मिठाइयां वितरित की गईं। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए कहा गया कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए, अपने जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने चाहिए और निरंतर मेहनत करते हुए सफलता की ओर आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे अपने माता-पिता, विद्यालय और देश का नाम रोशन कर सकें। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे विद्यालय में बाल दिवस का उत्सव उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



