पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

एटीएम में कृत्रिम प्लेट लगाकर रुपये उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

यूपी के चार आरोपी गिरफ्तार, कैश निकासी स्लॉट में छेड़छाड़ कर फंसाते थे नोट

अजयगढ़ पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार और वारदात में इस्तेमाल सामग्री की जब्त

अजयगढ़। एटीएम मशीन में तकनीकी छेड़छाड़ कर रुपये चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का अजयगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एटीएम के कैश निकासी स्लॉट में विशेष प्रकार की कृत्रिम प्लेट लगाकर रुपये फंसा देते थे और ग्राहक के चले जाने के बाद नगदी निकालकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 8 हजार रुपये की राशि, वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2026 की रात करीब 1ः30 बजे फरियादी महेश कुमार यादव अपने मित्र को 8 हजार रुपये देने के लिए अजयगढ़ के बुद्धू चैराहा स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम पहुंचे थे। उन्होंने यूपीआई क्यूआर कोड स्कैन कर कैश निकासी की प्रक्रिया पूरी की। मोबाइल पर ट्रांजेक्शन सफल होने का संदेश आया और मशीन से रुपये गिनने की आवाज भी सुनाई दी, लेकिन कैश निकासी स्लॉट से रुपये बाहर नहीं आए। इस दौरान उनके बैंक खाते से 8 हजार रुपये कट गए। बाद में एटीएम की जांच करने पर कैश निकासी स्लॉट में कृत्रिम प्लेट लगाकर छेड़छाड़ किए जाने का पता चला। फरियादी की शिकायत पर थाना अजयगढ़ में अपराध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 318(4), 319(2) और 334(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ के निर्देशन और एसडीओपी अजयगढ़ अरविंद सिंह दांगी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान छठवांमील तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों को अभिरक्षा में लिया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई रकम और वारदात में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में धीरेन्द्र कुमार लोधी (28), योगेन्द्र सिंह लोधी (21), लाखन सिंह लोधी (48) और अमर कुमार लोधी (21) शामिल हैं। चारों ग्राम इन्द्रो, थाना गाजीपुर, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पन्ना भेज दिया गया।


ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्लास की मदद से एटीएम के कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट में छेड़छाड़ करते थे। इसके बाद टेप और फेविक्विक की मदद से विशेष प्रकार की कृत्रिम प्लेट इस तरह लगा देते थे कि सफल ट्रांजेक्शन के बावजूद रुपये बाहर नहीं निकल पाते और प्लेट में ही फंस जाते थे। ग्राहक को रकम नहीं मिलने पर वह एटीएम से चला जाता था। उसके जाने के बाद आरोपी वापस पहुंचकर प्लेट में फंसी नगदी निकाल लेते थे। पुलिस ने आरोपियों से 8 हजार रुपये नकद, एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक प्लास, क्लास टेप का एक बंडल, कृत्रिम प्लेट बनाने और लगाने में इस्तेमाल की गई पांच चद्दर की प्लेट तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस को पूछताछ में अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की एटीएम चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है। इस दिशा में विवेचना जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव, धीरेन्द्र सिंह, अशोक कुमार अहिरवार, मनीष विश्वकर्मा, विनय प्रताप सिंह, इंदर सिंह, रोहित मिश्रा, महेंद्र चढ़ार, मनोज पटेल, राजकरण साहू, बृजेन्द्र पायक, शुभम शुक्ला और पायलट रवि साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button