पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

दीवार गिराकर भाग रहा हार्वेस्टर चालक बना मौत का कारण, बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर

लमतरा गांव में दीवार क्षतिग्रस्त करने के बाद भागने के दौरान हादसा

पन्ना। थाना शाहनगर क्षेत्र के ग्राम लमतरा में शनिवार देर रात हार्वेस्टर की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक रामफल यादव की मौत हो गई, जबकि बाइक पर उनके साथ सवार प्रहलाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। पीछा करने के दौरान ठेपा के पास यह हादसा हुआ। बाद में भागता हुआ हार्वेस्टर रैपुरा थाना क्षेत्र के चमरैया मोड़ के पास पलट गया। जानकारी के अनुसार, हार्वेस्टर चालक ने लमतरा गांव में एक दीवार को टक्कर मारकर गिरा दिया था। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक को रोकने के लिए आवाज लगाने लगे। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण हसन लाल यादव के मुताबिक, चालक हार्वेस्टर लेकर तेजी से भागने लगा। इस दौरान कुछ ग्रामीण मोटरसाइकिल से उसका पीछा कर रहे थे। इसी बीच ठेपा के पास बाइक सवार रामफल यादव और प्रहलाद यादव हार्वेस्टर की चपेट में आ गए। हादसे में लमतरा निवासी भगवानदास यादव के पुत्र रामफल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुन्ना यादव के पुत्र प्रहलाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। शाहनगर थाना क्षेत्र की बोरी चैकी प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष सिंह मसराम ने बताया कि भागते समय हार्वेस्टर चमरैया मोड़ के पास पलट गया। पुलिस चालक की तलाश कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button