पन्ना की धरती ने फिर चमकाई किस्मत, पति-पत्नी को एक साथ मिले चार हीरे
छह महीने की मेहनत के बाद दो दिन में मिली 5.16 कैरेट की हीरे की सौगात

पन्ना। पन्ना की धरती ने एक बार फिर एक परिवार की किस्मत चमका दी है। इस बार झांसी जिले के धायपुरा गांव निवासी गुड्डी देवी और उनके पति राजकुमार श्रीवास की मेहनत रंग लाई है। पन्ना के सरकोहा क्षेत्र में खदान लगाकर हीरे की तलाश कर रहे दंपती को महज दो दिनों में एक साथ चार हीरे मिले हैं। चारों हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट बताया गया है। इन हीरों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 15-20 लाख रुपये बताई जा रही है।
गुड्डी देवी मूल रूप से पन्ना की रहने वाली हैं, जबकि विवाह के बाद वह झांसी जिले में रहने लगीं। सोशल मीडिया पर पन्ना में लोगों को हीरे मिलने की खबरें देखने के बाद उन्होंने अपने पति राजकुमार श्रीवास को भी पन्ना आकर हीरे की खदान लगाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद राजकुमार ने पन्ना स्थित हीरा कार्यालय से नियमानुसार खदान का पट्टा प्राप्त किया और सरकोहा क्षेत्र में खदान खोदकर हीरे की तलाश शुरू की।
छह महीने की मेहनत के बाद दो दिन में मिले चार हीरे
राजकुमार और गुड्डी देवी पिछले करीब छह महीने से खदान में लगातार मेहनत कर रहे थे। शुरुआत में लंबे समय तक उन्हें कोई बड़ी सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी। आखिरकार उनकी मेहनत का परिणाम गुरुवार 1 अक्टूबर को सामने आया, जब उन्हें एक साथ दो हीरे मिले। इसके अगले ही दिन शुक्रवार 2 अक्टूबर को खदान से दो और हीरे मिलने से उनकी खुशी दोगुनी हो गई।
हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार दंपती द्वारा हीरा कार्यालय में जमा कराए गए चारों हीरों में 1.62 कैरेट और 1.29 कैरेट के दो हीरे उज्ज्वल किस्म के हैं, जबकि 1.44 कैरेट और 0.81 कैरेट के दो हीरे मैला किस्म के बताए गए हैं। इस तरह चारों हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट है।
राजकुमार श्रीवास ने हीरे मिलने को माता रानी की कृपा और परिवार की छह महीने की मेहनत का परिणाम बताया। उनका कहना है कि खदान में लगातार मेहनत करने के बाद मिली इस सफलता से पूरा परिवार बेहद खुश है।
बच्चों की पढ़ाई और भविष्य संवारने में लगाएंगे रकम
राजकुमार ने बताया कि चारों हीरों को नियमानुसार आगामी सरकारी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग वह अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में करना चाहते हैं। इसके अलावा कुछ राशि अपने काम-धंधे को आगे बढ़ाने में लगाएंगे।
पन्ना की हीरा खदानें समय-समय पर मेहनतकश लोगों की किस्मत बदलने के लिए चर्चित रही हैं। सरकोहा क्षेत्र में मिली इस नई हीरे की खेप ने एक बार फिर दंपती के परिवार में उम्मीद और खुशियों की चमक ला दी है।




