पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराजनीती

क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर दौड़ रहे स्कूली ऑटो और ई-रिक्शा पर कार्रवाई

45 वाहनों के चालान, यातायात पुलिस ने वसूला 41 हजार रुपये समन शुल्क

पन्ना। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। 15 एवं 16 अक्टूबर को की गई कार्रवाई के दौरान कुल 45 वाहनों के चालान काटकर 41 हजार रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चैहान के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक नीलम लक्षकार ने अपनी टीम के साथ स्कूली वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान विद्यार्थियों को स्कूल लाने-ले जाने वाले 18 ओवरलोड ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 27 हजार 800 रुपये समन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त मोटरयान अधिनियम के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 27 अन्य वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई कर 13 हजार 200 रुपये वसूल किए गए। इस प्रकार दो दिनों में कुल 45 वाहनों पर कार्रवाई हुई। यातायात पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों और चालकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को वाहनों में न बैठाएं तथा सभी सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का पालन करें। थाना प्रभारी नीलम लक्षकार ने बताया कि स्कूली वाहनों की विशेष जांच आगे भी निरंतर जारी रहेगी। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों एवं संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button