टेंट कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
सुबह शराब पीने के लिए घर से निकले थे 30 वर्षीय इन्द्रजीत सिंह

पन्ना। थाना शाहनगर क्षेत्र के ग्राम महिंगवां घाट में शुक्रवार शाम एक 30 वर्षीय टेंट कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान इन्द्रजीत सिंह उर्फ अनूप सिंह, पिता राजाराम सिंह के रूप में हुई है। परिजन उन्हें अचेत अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, इन्द्रजीत शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे शराब पीने के लिए घर से निकले थे। बताया गया कि वे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शराब मिलने की बात कह रहे थे। परिजनों के अनुसार, कुछ समय बाद वे नशे की हालत में बैठे मिले। इसी दौरान पहचान के दो लोग उन्हें उठाकर घर ले आए और लिटा दिया। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों ने उन्हें देखा तो वे अचेत अवस्था में पड़े थे। इसके बाद परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर लेकर पहुंचे। वहां बीएमओ डॉ. एस.के. लोधी ने परीक्षण के बाद उनकी मौत की पुष्टि की। घटना की सूचना मिलने पर शाहनगर थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। डॉ. प्रद्युम्न यादव और मेडिकल ऑफिसर डॉ. आशीष तिवारी के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल इन्द्रजीत सिंह की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।



