पन्ना में कांग्रेस ने फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला
रैली निकालकर किया जोरदार प्रदर्शन

पन्ना। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को पन्ना में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रमा बुंदेला के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय अंबेडकर चैराहे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान केंद्र सरकार, भारतीय जनता पार्टी और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया के नाम पर देशभर में करोड़ों मतदाताओं के मताधिकार को प्रभावित किया गया है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। हालांकि, ये कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोप हैं। पुतला दहन के बाद सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता अंबेडकर चैक पर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए गांधी चैक तक रैली निकाली। यहां करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सामूहिक रूप से ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन का गायन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हुए उनके इस्तीफे की मांग दोहराई गई। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रमा बुंदेला के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता के साथ प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन में पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, संगठन महासचिव राजबहादुर पटेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन जैन, मार्तंड देव बुंदेला, संजय पटेल, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम जड़िया, शशिकांत दीक्षित, राकेश शर्मा, विमला सिंगरौल, आकाश जाटव, सौरभ पटेरिया, रियासत खान, बृजेंद्र यादव, बृजेंद्र दुबे, राम बहादुर द्विवेदी, सरदार यादव और डॉ. कदीर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




