पन्ना टाइगर रिजर्व में अनारकली की जुड़वा बेटियों रोहिणी-केतकी ने मनाया पहला जन्मदिन
हाथी कैंप में काटा केक, केला, सेब और लड्डू खिलाकर मनाया उत्सव

पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व के हिनौता हाथी कैंप में शनिवार को खास उत्सव का माहौल रहा। रिजर्व की वरिष्ठ हथिनी अनारकली की जुड़वा बेटियों रोहिणी और केतकी ने अपना पहला जन्मदिन पूरा किया। इस अवसर पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, वन अमले, महावतों और ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों शावकों का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। समारोह में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एल. कृष्णमूर्ति, क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव, कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ और उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल सहित ग्राम पंचायत हिनौता के सरपंच, हिनौता ईको विकास समिति के अध्यक्ष, वनकर्मी, महावत और ग्रामीण शामिल हुए। अतिथियों ने तालियों के बीच रोहिणी और केतकी के लिए विशेष रूप से तैयार केक कटवाया। इसके बाद मां अनारकली और दोनों बच्चियों को केला, सेब, लड्डू और गुड़ सहित विशेष व्यंजन खिलाए गए। अनारकली ने अपनी सूंड से अतिथियों का अभिवादन भी किया। उल्लेखनीय है कि 21 नवंबर 2025 को हथिनी अनारकली ने हिनौता परिक्षेत्र में करीब साढ़े तीन घंटे के अंतराल में दो मादा शावकों को जन्म दिया था।
पहली बच्ची का जन्म दोपहर 2ः20 बजे खैरिया स्थल पर और दूसरी का शाम 5ः50 बजे हिनौता हाथी कैंप में हुआ था। पन्ना टाइगर रिजर्व के इतिहास में यह पहला अवसर था, जब किसी हथिनी ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। एक वर्ष बाद दोनों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपनी मां के साथ हाथी दल में रह रहे हैं। हाथियों में जुड़वा बच्चों का जन्म बेहद दुर्लभ माना जाता है। हाथी विशेषज्ञ प्रो. रमन सुकुमार और अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘सेव द एलिफेंट्स’ के अनुसार, कुल जन्मों में जुड़वा शावकों का अनुपात करीब एक प्रतिशत या उससे भी कम है। ऐसे में दोनों बच्चियों का स्वस्थ रूप से एक वर्ष पूरा करना विशेष उपलब्धि है। करीब 57 वर्षीय अनारकली वर्ष 1986 में सोनपुर मेले से पन्ना लाई गई थी। वह लगभग चार दशक से रिजर्व में गश्त, बाघों की निगरानी और रेस्क्यू कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह उसका छठा प्रसव था। जुड़वा बच्चियों के जन्म से पन्ना टाइगर रिजर्व के हाथी दल की संख्या 21 हो गई थी। अधिकारियों ने हाथियों की देखभाल में जुटे वन्यप्राणी चिकित्सकों, महावतों और प्रबंधन दल की सराहना करते हुए कहा कि हाथी रिजर्व के परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं।




