धर्मपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

महर्षि स्कूल में कन्या पूजन एवं भोज का आयोजन

बाल वाटिका की छात्राओं ने धारण किए नवदुर्गा के स्वरूप

पन्ना। भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा एवं सामाजिक समरसता के संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को शारदीय नवरात्रि की सप्तमी के अवसर पर महर्षि विद्या मंदिर पन्ना में कन्या पूजन एवं भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बाल वाटिका की नन्हीं छात्राओं ने नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की मनमोहक झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की परंपरा के अनुसार गुरु पूजन से हुआ। इसके पश्चात देवी शक्ति के नौ स्वरूपों में सुसज्जित कन्याओं का विधि-विधान से पाद प्रक्षालन, पूजन एवं आरती की गई। विद्यालय प्राचार्य पी.के. दीक्षित सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उपस्थित समस्त कन्याओं के चरण धोकर रोली-चावल से तिलक लगाया और उनका पूजन किया। इसके बाद विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को कन्या भोज में सम्मिलित किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य पी.के. दीक्षित ने विद्यार्थियों को नवरात्रि पर्व का आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व बताया। उन्होंने मां सरस्वती के प्रतीक स्वरूप विद्यार्थियों को कलम भेंट करते हुए शिक्षा, ज्ञान और अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग किया। वहीं वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने स्वयंसेवकों की भूमिका निभाते हुए व्यवस्थाएं संभालीं। प्राचार्य पी.के. दीक्षित ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय विद्यालय परिवार और वरिष्ठ विद्यार्थियों को दिया। अंत में भावातीत ध्यान के माध्यम से सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई। जय गुरुदेव के सामूहिक उद्घोष के साथ समारोह का समापन हुआ।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button