पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराज्य

खेरापति माता मंदिर में चोरी, पत्थर की मूर्ति और 17 घंटे ले उड़े चोर

तुलापुर में पीपल के पेड़ के नीचे बने प्राचीन धार्मिक स्थल को बनाया निशाना

पन्ना। जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुलापुर में अज्ञात चोरों ने खेरापति माता मंदिर को निशाना बनाते हुए पत्थर की मूर्ति, 17 घंटे और अन्य धार्मिक सामग्री चोरी कर ली। गांव के धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने धरमपुर थाने पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत करते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, तुलापुर गांव में पीपल के पेड़ के नीचे खेरापति माता का धार्मिक स्थल बना हुआ है। यहां ग्रामीण नियमित रूप से पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में पत्थर की मूर्ति के अलावा 17 घंटे, लोहे की सांग और अन्य धार्मिक सामग्री रखी हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर में लगे घंटे और लोहे की सांग काफी पुराने थे, जिनसे स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है। तुलापुर निवासी 65 वर्षीय भूरा प्रसाद कोरी ने पुलिस को बताया कि 15 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे उन्होंने उदय आरख, बुद्धीलाल कोरी और लोकेन्द्र आरख के साथ मंदिर परिसर की साफ-सफाई की थी। इस दौरान मंदिर में रखी मूर्ति, घंटे और अन्य सामान सुरक्षित मौजूद था। अगले दिन 16 अक्टूबर की सुबह जब रामलखन आरख पूजा-अर्चना करने मंदिर पहुंचे तो वहां से मूर्ति और घंटे सहित अन्य सामग्री गायब मिली। उन्होंने इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी। धार्मिक स्थल से सामान चोरी होने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी देखी गई। घटना के संबंध में भूरा प्रसाद कोरी ने राजेन्द्र कुमार आरख, रामलखन आरख और राममूरत आरख के साथ शनिवार 17 अक्टूबर को धरमपुर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। फरियादी की रिपोर्ट पर धरमपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने पुलिस से धार्मिक स्थल पर हुई चोरी का जल्द खुलासा करने और मूर्ति सहित अन्य सामग्री बरामद करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और चोरी गए सामान का पता लगाने में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button