करवाचैथ पर लापता हुई पत्नि, खोज में निकला पति
दवा कराने निकली पत्नी लापता, मां की राह देख रहे दो मासूम बच्चे

अमानगंज। अमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कुदरा झरकुंआ में एक महिला के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने पुलिस से शिकायत कर पत्नी की तलाश करने की गुहार लगाई है। वहीं घर पर मौजूद चार और छह साल के दो बच्चे मां के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। पीड़ित पति दिलीप कुशवाहा ने बताया कि उसकी शादी सीमा कुशवाहा से करीब दस वर्ष पहले हुई थी। पत्नी पिछले एक महीने से मायके में रहकर इलाज करा रही थी। वह 23 तारीख को उसे वापस घर लेकर आया था। दिलीप के अनुसार, पत्नी दवा कराने की बात कहकर दो वर्षीय बच्ची को साथ लेकर अमानगंज गई थी, जिसके बाद से उसका पता नहीं चल सका। पति ने घर में रखे जेवरात और करीब 30 से 40 हजार रुपये नकद गायब होने का भी आरोप लगाया है। पत्नी के अचानक लापता होने से दिलीप परेशान है। उसका कहना है कि इतने वर्षों के वैवाहिक जीवन में उसे पहले कभी ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा। अब पत्नी और साथ गई बच्ची की तलाश के साथ घर पर रह गए दोनों बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी भी उसके सामने है। पति की शिकायत पर अमानगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला किन परिस्थितियों में घर से गई और नकदी व जेवरात संबंधी आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल महिला का पक्ष सामने नहीं आया है।




