संविधान की धज्जियां उड़ाने वाली कांग्रेस आज संविधान बचाने की बात कर रही है- बृजेन्द्र प्रताप सिंह
भाजपा जिला कार्यालय में मनाया गया संविधान गौरव दिवस, नेताओं ने संविधान के मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों पर रखे विचार

पन्ना। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पन्ना में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भारतीय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान की धज्जियां उड़ाने वाली कांग्रेस आज संविधान बचाने की बात कर रही है। कांग्रेस का इतिहास देश की जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता, समानता और न्याय का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं सागर ग्रामीण प्रभारी सतानंद गौतम ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार संविधान के मूल्यों के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। संविधान अधिकारों के साथ नागरिकों को कर्तव्यों का भी बोध कराता है। गुनौर विधायक राजेश वर्मा ने कहा कि संविधान गौरव दिवस संविधान निर्माताओं के त्याग, समर्पण और दूरदर्शी सोच का स्मरण कराता है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सदस्यों ने देश को समानता, स्वतंत्रता और न्याय पर आधारित व्यवस्था प्रदान की। संविधान की रक्षा प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे, पूर्व जिलाध्यक्ष राम बिहारी चैरसिया सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री राजेंद्र कुशवाहा ने किया तथा आभार प्रदर्शन महामंत्री बसंत दहायत ने किया।




