मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने किया 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन
समदरिया मैदान में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी महोत्सव

आकर्षक चल समारोह की झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
देवेन्द्रनगर। असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व देवेन्द्रनगर में परंपरागत तरीके से हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। नगर दशहरा उत्सव समिति देवेन्द्रनगर के तत्वावधान में समदरिया ग्राउंड, सतना रोड पर आयोजित दशहरा महोत्सव में हजारों की संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान राम-रावण संवाद, शिवाकाशी की आकर्षक आतिशबाजी और भगवान श्रीराम द्वारा अग्निबाण चलाकर 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन से पूर्व दशहरा मैदान में नगर के बालक-बालिकाओं द्वारा शानदार सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। उपस्थित दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम की सराहना की। इस अवसर पर नगर के पत्रकारों द्वारा प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। दशहरा उत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश जैन ने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों का गुलाल लगाकर स्वागत किया। दशहरा पर्व के अवसर पर निकाले गए भव्य चल समारोह में भगवान श्रीराम की दिव्य रथ पर सवार वनवासी स्वरूप की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकी में भगवान श्रीराम के साथ लक्ष्मण, हनुमान, विभीषण, सुग्रीव, अंगद, जामवंत एवं वानर सेना के स्वरूपों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही संसारी कुशवाहा द्वारा निर्मित भगवान गणेश की झांकी ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।समिति द्वारा चल समारोह में शामिल वनवासी श्रीराम की झांकी एवं भगवान गणेश की झांकी को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया
इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट योगदान देने वालों को विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए। दशहरा महोत्सव को सफल बनाने में राजस्व विभाग, नगर परिषद, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग एवं विश्व विजेता फाउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। नगर दशहरा उत्सव समिति द्वारा इन सभी विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।इसके अलावा रामलीला समिति, गनी साउंड सर्विस, आरके लाइट तथा रावण की वेशभूषा तैयार करने और मुखौटा बनाने वाले सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों की उपस्थित जनसमूह ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखी गई, जिससे नागरिकों ने उत्साहपूर्वक दशहरा महोत्सव का आनंद लिया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं दशहरा महोत्सव का संचालन रमेश अग्रवाल और अभिषेक सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में नगर दशहरा उत्सव समिति की अध्यक्ष हर्षा उर्फ मिंकी पिम्पले ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। दशहरा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में रविराज यादव एवं बबलू यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक हरदेव सिंह परमार, ललित गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष शिवांगी गुप्ता, तहसीलदार सुमित तिवारी, सीबीएमओ डॉ. अभिषेक जैन, थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव, सीएमओ के.के. तिवारी, विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता उमेश पाण्डेय, उपयंत्री एम.एस. बुंदेला एवं वन परिक्षेत्राधिकारी राहुल सिंह सिकरवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नगर दशहरा उत्सव समिति की अध्यक्ष हर्षा पिम्पले, उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, विवेक खरे, अभिषेक सिंह एवं कृष्णा पाठक तथा कोषाध्यक्ष विजय शंकर पाण्डेय ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नगरवासियों ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए परंपरागत दशहरा महोत्सव के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।




