पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

दक्षिण पन्ना के पांच वनकर्मियों को मिलेगा राज्यस्तरीय सम्मान

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर भोपाल में होंगे सम्मानित

पन्ना। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर एक नवंबर को भोपाल स्थित वन भवन में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में दक्षिण पन्ना वनमंडल के पांच वनकर्मियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख द्वारा चयनित कर्मचारियों को कमेंडेशन डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रदेशभर से चयनित 26 अधिकारियों-कर्मचारियों में पन्ना के छह नाम शामिल हैं। सम्मान के लिए दक्षिण पन्ना वनमंडल के वनरक्षक वीरेन्द्र पटेल, वनपाल आशीष कुमार पाण्डेय, वनरक्षक दिनेश राठौर, वनरक्षक रामजी गर्ग एवं वनपाल जगदीश प्रसाद अहिरवार का चयन हुआ है। इनके अतिरिक्त पन्ना टाइगर रिजर्व के वनक्षेत्रपाल राजेन्द्र प्रसाद अरजरिया भी सम्मानित होंगे। वीरेन्द्र पटेल ने वन्यजीव रेस्क्यू, वनाग्नि रोकथाम और लगभग 100 पक्षी प्रजातियों के दस्तावेजीकरण में योगदान दिया। आशीष पाण्डेय ने 56 हेक्टेयर अतिक्रमणमुक्त वनभूमि के पुनर्वनीकरण और छह प्राकृतिक जलस्रोतों के पुनर्जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दिनेश राठौर ने कठिन परिस्थितियों में लाखों पौधों के रोपण की तैयारियां निर्धारित समय में पूरी कराईं। रामजी गर्ग ने अवैध शिकार के चार प्रकरणों में छह आरोपियों पर कार्रवाई तथा सात वन्यप्राणियों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। वहीं जगदीश प्रसाद अहिरवार ने 129 औषधीय पौधों का संकलन कर पुस्तक तैयार की, जिसका उल्लेख प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 जनवरी 2026 के मन की बात कार्यक्रम में किया था। पन्ना के छह वनकर्मियों का राज्यस्तरीय सम्मान के लिए चयन जिले के वन एवं वन्यजीव संरक्षण कार्यों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button