प्राणनाथ उत्सव पर दौड़ी पन्ना की युवा पीढ़ी
स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश लेकर निकली विशाल मैराथन

पन्ना। महामति श्री प्राणनाथ जी के प्रकटन उत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश लेकर शहर में विशाल मैराथन आयोजित की गई। सुबह 7 बजे श्री प्राणनाथ चैक से शुरू हुई मैराथन को पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में युवाओं, युवतियों और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। मैराथन श्री प्राणनाथ चैक से अजयगढ़ चैराहा, बड़ा बाजार, बलदेवजी मंदिर, छत्रसाल पार्क और गांधी चैक होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बना। डायमंड फिजिकल एकेडमी के बच्चों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर आयोजन में जोश बढ़ाया। पुरुष वर्ग में अमन यादव ने प्रथम, मोहित अहिरवार ने द्वितीय और कपिल ने तृतीय स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में समिधा रैकवार प्रथम, सुमन अहिरवार द्वितीय और लक्ष्मी तृतीय रहीं। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा मैराथन में शामिल करीब 150 प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। मैराथन का आयोजन धामी ब्रदर्स द्वारा किया गया, जबकि श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट संरक्षक रहा। कार्यक्रम में ट्रस्ट उपाध्यक्ष डीके दुबे, सचिव प्रेम किशोर शर्मा, ट्रस्टी प्रेम कुमार शर्मा, चिदानंद शर्मा, अनिल धामी, नरेंद्र धामी, राजेश कुमार शर्मा, दीप राज शर्मा, प्रबंधक आशीष शर्मा, पूर्व न्यासी राकेश कुमार शर्मा, दिनेश कुमार शर्मा, गोपाल शर्मा, भाजपा नेता अल्पेश शर्मा सहित धामी समाज के लोग मौजूद रहे। आयोजन के समापन पर सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। मैराथन के माध्यम से युवाओं को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
#mahamatiprannath




