धर्मपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

जयसिंह राजा के भक्ति गीतों और बुंदेली लोकगीतों पर झूम उठा पवई

बस स्टैंड पर दुर्गा उत्सव परिवार ने कराया भव्य सांस्कृतिक आयोजन

पवई। नवरात्रि के पावन अवसर पर पवई नगर के बस स्टैंड परिसर में भक्ति और बुंदेली लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। दुर्गा उत्सव परिवार, बस स्टैंड पवई के तत्वावधान में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में ललितपुर के प्रसिद्ध भजन एवं लोकगीत गायक जयसिंह राजा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समा बांधा कि पूरा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो गया। देर रात तक चले कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु और नगरवासी भजनों एवं लोकगीतों का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम के दौरान जयसिंह राजा ने माता रानी के एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों के साथ बुंदेली लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। माता के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं बुंदेली लोकगीतों ने श्रोताओं को अपनी लोक संस्कृति से जोड़े रखा। पूरा आयोजन स्थल माता रानी के जयकारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोहिनी आनंद मिश्रा उपस्थित रहीं। वहीं शैलेश नगायच (मां कलेही स्टोन क्रेशर) एवं नगर परिषद अध्यक्ष बसंत दहायत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों की उपस्थिति में सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन विवेक शंकर सिंह (रवि) ने किया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीओपी शिवा पाठक, थाना प्रभारी सुशील अहिरवार सहित पुलिस बल मुस्तैद रहा। दुर्गा उत्सव परिवार, बस स्टैंड पवई द्वारा प्रतिवर्ष नवरात्रि के अवसर पर इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष भी आयोजन को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर आयोजक मंडल ने सभी अतिथियों, कलाकारों, श्रद्धालुओं, नगरवासियों तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button