चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल में बाल दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
बाल मेले में बच्चों ने लगाए व्यंजनों के स्टॉल, 100 से अधिक विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत

पन्ना। चिल्ड्रन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल एवं टैलेंट पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल में बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं और बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।विद्यालय संचालक एम. नईम खान ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा से वंचित गरीब और जरूरतमंद बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। ऐसे बच्चों को विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से निशुल्क शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और समाज को मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी बच्चा गरीबी या मजदूरी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। प्राचार्य आर.पी. कुशवाहा ने भी कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षित करने के लिए विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नन्हे विद्यार्थियों ने ‘डम डम डिगा डिगा’, ‘हम बच्चे हैं खूब पढ़ेंगे’ और ‘आई लव यू टीचर’ सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों और सामूहिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।नेशनल चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस 2026 में विद्यालय की छात्रा सोफी राइन ने सीनियर ग्रुप में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि खुशी विश्वकर्मा ने जिले में द्वितीय स्थान हासिल कर राज्य स्तर पर जगह बनाई। दोनों छात्राओं को सम्मानित किया गया।बाल मेले में विद्यार्थियों ने चाट, फुलकी, इडली, डोसा, सैंडविच, भजिया और मंगोड़ी सहित विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए। इसके अलावा दौड़, कबड्डी, खो-खो, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों सहित 100 से अधिक बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में शिक्षिका रामप्रिया, राजेंद्र, सुखदेव, श्रीप्रकाश व्यास, पूर्णिमा वाजपेई, पूर्णिमा बुंदेला, नरगिस, निक्की खटीक, प्रभा वर्मा, संगीता गुप्ता, कल्पना भास्कर और बबीता यादव सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में केक काटकर बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया। पूरे दिन विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।




