जब घरों में जल रहे थे दीप, तब जंगलों की सुरक्षा में जुटे थे वनकर्मी
दीपावली पर दक्षिण पन्ना वनमंडल में पांच दिवसीय विशेष गश्ती अभियान

पन्ना। जब दीपावली पर लोग अपने घरों में दीप जलाकर परिवार के साथ त्योहार मना रहे थे, तब दक्षिण पन्ना वनमंडल के वनकर्मी जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा में मुस्तैद थे। 7 से 11 नवंबर तक वनमंडल के सलेहा, शाहनगर, मोहंद्रा, पवई, कल्दा और रैपुरा वन परिक्षेत्रों में पांच दिवसीय विशेष गश्ती अभियान चलाया गया। वन अपराधों और अवैध शिकार की रोकथाम के लिए कर्मचारियों ने दिन-रात संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की। अभियान के दौरान विद्युत लाइनों, वन एवं राजस्व भूमि की सीमाओं, फेंसिंग, जलस्रोतों और वन मार्गों की जांच की गई। विशेष रूप से बिजली के तारों और फंदों के जरिए वन्यजीवों के अवैध शिकार की आशंका वाले स्थानों पर निगरानी रखी गई। वन उपज जांच नाकों का भी निरीक्षण किया गया।
इस कार्य में ग्राम वन समितियों और सुरक्षा श्रमिकों ने भी सहयोग किया। सलेहा परिक्षेत्र के हरदुआ, मुड़िया, घुटेही, सेल्हा और बौलिया क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त की गई। इसमें देवेंद्र गिरि, बाल स्वरूप दहायत, प्रद्युम्न नारायण तिवारी, ज्ञान सिंह, नीरज पाण्डेय, महेंद्र अग्रहरी, उमादत्त द्विवेदी, उदय सिंगरौल और इंद्रकुमार वर्मा सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे। मुड़िया वन समिति अध्यक्ष आनंद यादव ने भी सहयोग किया। शाहनगर में अतरहाई, ताला, हरदुआ और सुंगरहा क्षेत्रों में निगरानी की गई। वहीं मोहंद्रा परिक्षेत्र के कुंवरपुर, गौरहा, दमुइया, सरईखेड़ा, सिंगवारा सहित कई क्षेत्रों में सामूहिक गश्त हुई। कल्दा में सारंगपुर, मेंहगवा और दरवई तथा रैपुरा में चमरैया, भरतला, घुटेही और आलोनी क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी गई। अभियान में सभी परिक्षेत्रों के वनकर्मियों और सुरक्षा श्रमिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अभियान की खास बात यह रही कि वनकर्मियों ने त्योहार के दौरान भी अपनी जिम्मेदारी को प्राथमिकता दी। स्थानीय वन समितियों और ग्रामीणों के सहयोग से वन संरक्षण का संदेश भी मजबूत हुआ। जंगलों की सुरक्षा में जुटे इन कर्मचारियों का समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सराहनीय रही।




