अमानगंज में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंका
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में जताया आक्रोश

अमानगंज। प्रदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के दिशा-निर्देशन में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अमानगंज के तत्वावधान में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। जंतर-मंतर पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी एवं इंडिया गठबंधन के प्रमुख सांसदों की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए उनका पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष सौरभ दुबे ने किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है। उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों के सम्मान की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी प्रकार के कथित तानाशाही रवैये को स्वीकार नहीं करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार एवं निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां जताते हुए नारेबाजी की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष भभूत सिंह राजपूत, जिला महासचिव भूपेंद्र बुंदेला, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष हक्कुन दहायत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष वसीम खान, जिला सचिव धूराम चौधरी, जिला सचिव ओमप्रकाश अहिरवार, मंडल अध्यक्ष मुकेश द्विवेदी, रावेन्द्र पांडेय, विजय सिंह राजपूत, महेंद्र तिवारी, सुनील गुरुद्वान, अरुण भट्ट, धीरेंद्र गर्ग, मुन्ना मिश्रा घटारी, मंगल सिंह राजा, पीयूष देव परमार, पार्षद मनीष छिरोल्या, जवाहर पटेल, इकबाल खान, वीरेंद्र खटीक, चंदन सिंह राजपूत, शिवम सोनी, मुन्ना चौधरी, प्रहलाद तिवारी, पुष्पेंद्र सोनी, अभिषेक दुबे, रोहित दुबे, सोनू खान, संदीप तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




