पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराज्य

फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, प्रताड़ना के आरोप

पन्ना। जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मनगवां में गुरुवार को 28 वर्षीय नवविवाहिता नीतू सिंह लोधी का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सावित्री सिंह राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार, नीतू सिंह लोधी की शादी करीब तीन वर्ष पहले पंकज लोधी से हुई थी। दोनों मनगवां में एक ही मकान में रहते थे। उनका एक छोटा बेटा भी है। नीतू का मायका मूलपारा गांव में है। परिजनों ने जब नीतू को फंदे पर लटका देखा तो उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका की मां लक्ष्मी ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए बताया कि घटना से एक शाम पहले नीतू ने उन्हें फोन किया था। बातचीत के दौरान उसने अपनी सास द्वारा हंसिया लेकर दौड़ाने की बात कही थी। मां के इन आरोपों के बाद पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए रैपुरा अस्पताल भेजा, जहां डॉ. एमएल चैधरी ने परीक्षण किया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रैपुरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत की परिस्थितियों और मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button