24 घंटे में अमानगंज-द्वारी में दूसरा हादसा
जेके सीमेंट के ट्राले ने कार को पीछे से मारी टक्कर

अमानगंज। जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र के द्वारी में 24 घंटे के भीतर लगातार दूसरे सड़क हादसे ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को जेके सीमेंट के सीमेंट क्लिंकर से भरे अनियंत्रित ट्राले ने चलती कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि कार सवार पूरा परिवार सुरक्षित बच गया। जानकारी के अनुसार कार क्रमांक एमपी 20 एआर 6419 में देवेंद्र त्रिपाठी अपने परिवार के साथ पवई से पन्ना की ओर जा रहे थे। द्वारी क्षेत्र में पीछे से आ रहे ट्राला क्रमांक एमपी 19 जेआर 7853 ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। घटना के बाद कार सवारों ने डायल-112 को सूचना दी। कार चालक का आरोप है कि हादसे के बाद जब ट्राला चालक से बातचीत की गई तो उसने उल्टा कार धीमी गति से चलाने की बात कही। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही द्वारी में सीमेंट से लदे ट्राले की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालक गोविन्द कुशवाहा की मौत हो गई थी, जबकि उसके पिता और भतीजा घायल हुए थे। लगातार दो दिनों में हुए हादसों के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और उनकी गति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से द्वारी क्षेत्र में जेके सीमेंट के भारी वाहनों की गति, फिटनेस, परमिट और यातायात नियमों के पालन की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भारी वाहनों पर प्रभावी निगरानी और गति नियंत्रण जरूरी है।




