वनभूमि पर कब्जे की कोशिश नाकाम, एक एकड़ क्षेत्र से हटाई बाड़बंदी

पन्ना। दक्षिण पन्ना वनमंडल में चलाए जा रहे वन सुरक्षा पखवाड़े के तहत वनभूमि पर अतिक्रमण की कोशिश को वन अमले ने विफल कर दिया। 21 नवंबर को शाहनगर रेंज की बिहरिया बीट में करीब एक एकड़ वनभूमि पर बागड़ और पत्थर की दीवार बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण के लिए की गई बाड़बंदी तथा पत्थर की दीवार हटाकर वनभूमि को सुरक्षित कराया। यह कार्रवाई दक्षिण पन्ना वनमंडल में 12 से 24 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे वन सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत की गई। अभियान के दौरान वनभूमि पर अवैध कब्जे, पेड़ों की कटाई और वन्यजीवों के शिकार को रोकने के लिए विशेष गश्त एवं निगरानी की जा रही है। कार्रवाई में मरहा परिक्षेत्र सहायक आर.पी. सिंह पटेल, देवरा बीट प्रभारी विनोद कुमार वर्मा, मरहा बीट प्रभारी प्रकाश कुमार गुप्ता, रैगुवां बीट प्रभारी आशीष कुमार पाण्डेय, ताला बीट गार्ड उदयभान सिंह, बिहरिया बीट गार्ड के.के. गुप्ता, धौवापुरा बीट गार्ड दुर्गा सिंह तथा वन सुरक्षा समिति के सुरक्षा श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




