पन्ना-कटनी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों दर्दनाक की मौत
सुगरहा के पास आधी रात को हुआ हादसा

पन्ना। पन्ना-कटनी मार्ग पर गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। शाहनगर थाना क्षेत्र के सुगरहा के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल कटनी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अनिल सिंह पिता करण सिंह (22 वर्ष) और उस्ताज सिंह पिता पूरन सिंह (23 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों शाहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सिजहटी के निवासी थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे सुगरहा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर शाहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल कटनी पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। एक ही गांव के दो युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही सिजहटी में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं। फिलहाल टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान सामने नहीं आ सकी है। हादसे की परिस्थितियों और वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।




