बारिश ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, राहत की मांग लेकर मुख्यमंत्री से मिले पन्ना विधायक
उड़द-मूंग से लेकर धान, सोयाबीन और मूंगफली तक फसलें प्रभावित; सर्वे और उचित मुआवजे की मांग पर मुख्यमंत्री ने दिए अधिकारियों को निर्देश

पन्ना। लगातार बारिश और अतिवृष्टि ने पन्ना विधानसभा क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पानी भरने से उड़द, मूंग, धान, सोयाबीन और मूंगफली सहित कई खरीफ फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर किसानों की खड़ी फसल प्रभावित होने से उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है।
किसानों की इस समस्या को लेकर पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। उन्होंने पन्ना विधानसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराने के साथ नुकसान के आधार पर किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
बृजेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि लगातार बारिश और जलभराव के कारण खेतों में खड़ी फसलों को व्यापक क्षति हुई है। किसानों की आजीविका खेती पर निर्भर है, ऐसे में फसल खराब होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रभावित किसानों को जल्द राहत दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
मुख्यमंत्री ने दिए अधिकारियों को निर्देश
किसानों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान के आकलन और राहत प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कवायद तेज होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि जिले में अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों के सर्वे की प्रशासनिक प्रक्रिया पहले से चल रही है।




