20 रुपये का गुटखा उधार नहीं दिया तो दुकानदार पर लाठी से हमला
शाहनगर में पेट्रोल पंप के पास चाय-पान की दुकान पर विवाद

पन्ना। तहसील मुख्यालय शाहनगर में महज 20 रुपये का गुटखा उधार देने से इनकार करना एक चाय-पान दुकानदार को भारी पड़ गया। शाहनगर थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार रात उधारी को लेकर हुए विवाद में दुकानदार के साथ लाठी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पीड़ित ने आरोपी पर दुकान में तोड़फोड़ करने और सामान उठा ले जाने का भी आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप के पास गुड्डू उर्फ झूरी राठौर चाय-पान की दुकान संचालित करता है। पीड़ित का आरोप है कि 15 अक्टूबर की रात ग्राम पिपरिया निवासी गजेन्द्र चैधरी उसकी दुकान पर पहुंचा और 20 रुपये का गुटखा उधार मांगने लगा। उधार देने से मना करने पर वह नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गजेन्द्र ने लाठी से दुकानदार पर एक के बाद एक कई वार किए। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी दोबारा भी दुकान पर आया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान दुकान का सामान क्षतिग्रस्त करने और कुछ सामान उठा ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस आरोपी को शाहनगर थाने लेकर आई। शुक्रवार 16 अक्टूबर को पीड़ित की शिकायत पर पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मारपीट के कारणों और पीड़ित द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की जांच जारी है।




