पन्नामध्यप्रदेश

अजयपाल स्टेडियम में होगा 40 फीट ऊंचे रावण का दहन

रात करीब 10 बजे होगा रावण दहन

दुर्गा प्रतिमाओं के साथ प्रतिभावान विद्यार्थियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान

अजयगढ़। असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व इस वर्ष भी अजयगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। रामलीला समिति द्वारा अजयपाल स्टेडियम में आयोजित दशहरा महोत्सव में 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव के दौरान भव्य शोभायात्रा निकलेगी और नगर में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार, शाम को पुराने महलों के समीप स्थित काली माता मंदिर से चल समारोह प्रारंभ होगा। इसमें सबसे आगे भगवान की आकर्षक झांकी रहेगी, जिसके पीछे काली माता एवं नगर में स्थापित अन्य दुर्गा प्रतिमाएं शामिल होंगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए अजयपाल स्टेडियम पहुंचेगी। स्टेडियम में विशाल जनसमुदाय की उपस्थिति में दशहरा महोत्सव आयोजित होगा। रामलीला समिति द्वारा रात्रि लगभग 10 बजे अहंकारी रावण के 40 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा। रामलीला समिति के संरक्षक संजय सुल्लेरे ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी दशहरा मैदान में बने मंच से नगर की दुर्गा प्रतिमाओं एवं समितियों के साथ प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दशहरा महोत्सव अजयगढ़ की प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल है। रामलीला समिति ने नगरवासियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से निर्धारित समय पर अजयपाल स्टेडियम पहुंचकर दशहरा उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button