कमिश्नर के स्थगन आदेश के पालन के लिए छह माह से भटक रहा गरीब किसान, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

पन्ना। जिले की राजस्व व्यवस्था में लंबित मामलों और अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। देवेंद्रनगर तहसील के ग्राम मखरा निवासी रामलगन दुबे ने कलेक्टर के नाम आवेदन देकर आरोप लगाया है कि अपर आयुक्त सागर संभाग के स्थगन आदेश के बावजूद स्थानीय राजस्व अधिकारी उसका पालन नहीं करा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि वह करीब छह माह से न्याय के लिए तहसील और वरिष्ठ कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है। आवेदक रामलगन दुबे, पिता द्वारका प्रसाद दुबे के अनुसार, ग्राम मखरा स्थित आराजी क्रमांक 265, रकबा 0.65 हेक्टेयर राजस्व रिकॉर्ड में मध्यप्रदेश शासन के नाम दर्ज है। उनका दावा है कि वर्ष 1965 से उनके परिवार का इस भूमि पर कब्जा है और वे लगातार खेती करते आ रहे हैं। आवेदन में ग्राम पंचायत रानीपुर की सरपंच पर चुनावी रंजिश के चलते उक्त भूमि को आबादी घोषित कराकर कृषि पट्टे जारी करवाने का आरोप लगाया गया है। आवेदक ने बताया कि एसडीएम और तहसीलदार स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद उन्होंने अपर आयुक्त सागर संभाग में अपील क्रमांक 248/2025-26 प्रस्तुत की थी। अपर आयुक्त ने 16 जून को प्रकरण में स्थगन आदेश जारी किया, लेकिन आवेदक का आरोप है कि अब तक आदेश का पालन नहीं कराया गया है और संबंधित भूमि पर निर्माण कार्य जारी है। रामलगन दुबे ने कलेक्टर से स्थगन आदेश का पालन सुनिश्चित कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।



