पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

नकली और जहरीली शराब से बचाने के लिए आबकारी विभाग की पहल

शराब दुकानों पर लगाए जागरूकता पोस्टर, असली शराब की पहचान और क्यूआर कोड से जांच करने की दी जानकारी

पन्ना। नकली और मिलावटी शराब के सेवन से होने वाले गंभीर खतरों को देखते हुए पन्ना जिले में आबकारी विभाग ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। विभाग द्वारा जिले की शराब दुकानों पर पोस्टर लगाकर ग्राहकों को असली और नकली शराब की पहचान करने के तरीके बताए जा रहे हैं। साथ ही लोगों को समझाया जा रहा है कि अनधिकृत स्थानों से खरीदी गई शराब नकली, मिलावटी और जहरीली भी हो सकती है। आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना एवं पन्ना कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर उपायुक्त आबकारी सागर संभाग आलोक खरे तथा जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त पन्ना मुकेश पाण्डेय द्वारा पन्ना वृत्त की सभी शराब दुकानों पर जागरूकता पोस्टर लगवाए गए हैं। इस दौरान उन्होंने ग्राहकों को पोस्टर में दी गई जानकारियों के बारे में विस्तार से समझाया। आबकारी विभाग द्वारा लगाए गए पोस्टरों में बताया गया है कि शराब हमेशा शासन द्वारा निर्धारित लाइसेंसी दुकान से ही खरीदनी चाहिए। निर्धारित मूल्य से कम कीमत पर मिलने वाली शराब भी नकली या मिलावटी हो सकती है। विभाग के अनुसार शराब की बोतलों पर विशेष सुरक्षा लेबल लगाए जाते हैं, जिनकी नकल करना आसान नहीं होता। देशी शराब के ढक्कन पर गुलाबी या नारंगी रंग का लेबल, जबकि अंग्रेजी शराब पर नीले रंग का लेबल होता है। अन्य रंग के लेबल मिलने पर उसकी प्रामाणिकता की जांच करना जरूरी है। पोस्टर में बताया गया है कि बोतल पर लगे विशेष लेबल के एक कोने में क्यूआर कोड दिया जाता है। इसे मोबाइल फोन से स्कैन करने पर बॉटलिंग इकाई का नाम, बैच क्रमांक, बॉटलिंग दिनांक और लेबल क्रमांक सहित शराब से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यदि क्यूआर कोड स्कैन नहीं होता है या जानकारी सामने नहीं आती है तो शराब की प्रामाणिकता को लेकर संदेह हो सकता है। विभाग ने बोतल के ढक्कन पर लगी सील की पहचान के बारे में भी जानकारी दी है। सील पर नारंगी रंग की तिरछी आकृति बनी होती है। पोस्टर के अनुसार इसकी फोटोकॉपी किए जाने पर रंग में बदलाव हो सकता है। इसलिए सील और लेबल की बनावट पर भी ध्यान देना चाहिए। किसी तरह की गड़बड़ी या संदेह होने पर ऐसी शराब का सेवन नहीं करना चाहिए। आबकारी विभाग ने शासन द्वारा निर्धारित लाइसेंसी शराब दुकानों की लोकेशन, शराब के निर्धारित मूल्य और लाइसेंस संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए व्हाट्सऐप नंबर 7512452810 जारी किया है।

इस नंबर पर व्हाट्सऐप के माध्यम से श्हायश् लिखकर भेजने पर संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय ने दुकानों पर पोस्टर लगवाने के साथ ग्राहकों को जागरूक भी किया। विभाग ने सभी शराब उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल शासन द्वारा निर्धारित लाइसेंसी दुकानों से ही शराब खरीदें और नकली अथवा मिलावटी शराब के संभावित खतरे से बचने के लिए बोतल के लेबल, सील और क्यूआर कोड की जांच अवश्य करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button