पवई में सड़क निर्माण उपकरण चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
एनएच-43 निर्माण स्थल से चोरी हुआ नीडिल वाइब्रेटर बरामद

पन्ना। पवई थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर सड़क निर्माण कार्य के दौरान चोरी हुए नीडिल वाइब्रेटर के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया निर्माण उपकरण भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल पवई भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मिर्जापुर निवासी विनीत शुक्ला पिता रामाधार शुक्ला 36 वर्ष पवई-कटनी रोड निर्माण कंपनी में सीनियर हाईवे इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने थाना पवई में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर निर्माण कार्य के दौरान अज्ञात व्यक्ति नीडिल वाइब्रेटर चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चैहान एवं एसडीओपी पवई शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने चोरी गए उपकरण की तलाश और संदिग्ध की पतासाजी शुरू की। पुलिस को 2 नवंबर 2026 को सफलता मिली। संदेह के आधार पर सचिन पिता ग्यारसी अहिरवार 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11 जिला विदिशा, हाल निवासी पवई से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी गया नीडिल वाइब्रेटर बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक दुलीचंद जैन, कमलेश कुमार, सुशील कोल एवं आरक्षक राहुल अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




