पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

बांड चिकित्सकों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर सख्त, जारी होंगे कारण बताओ नोटिस

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा

पन्ना। कलेक्टर हर्ष सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक लेकर स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। बांड चिकित्सकों की तैनाती के बावजूद ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सीएमएचओ को संबंधित चिकित्सकों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों और स्टॉफ नर्स की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए ओपीडी समय सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तथा शाम 5 से 6 बजे तक चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने, गर्भवती महिलाओं के उपचार और पोषण, एनीमिया नियंत्रण, टीकाकरण तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। आशा कार्यकर्ताओं को मानदेय का भुगतान समय पर करने और विकासखंडवार डिलीवरी की जानकारी दो दिन में अद्यतन करने को भी कहा। गुनौर और शाहनगर के पोषण पुनर्वास केंद्रों में बड़ी संख्या में बेड खाली मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग के मैदानी अमले को समन्वय बनाकर चिन्हित कुपोषित बच्चों को भर्ती कराने के निर्देश दिए। बैठक में एसएनसीयू, टीबी मुक्त भारत अभियान और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण, ब्लड डोनेशन कैंप, ब्लड डोनेशन वैन का मूवमेंट प्लान, जिला अस्पताल का फायर एवं इलेक्ट्रिसिटी ऑडिट तथा ऑक्सीजन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। चिकित्सकों को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और एम्बुलेंस की मरम्मत समय-सीमा में कराने को कहा। बैठक में सीएमएचओ डॉ. राजेश प्रसाद तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. आलोक गुप्ता सहित जिला कार्यक्रम अधिकारी, चिकित्सक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button