पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराजनीती

अजयपाल स्टेडियम में धूमधाम से मना दशहरा, भगवान श्रीराम ने किया रावण के पुतले का दहन

भव्य शोभायात्रा में झूमे श्रद्धालु, राजस्थानी लोक कलाकारों की प्रस्तुति ने बांधा समां

विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने परंपराओं को सहेजने का दिया संदेश

अजयगढ़। असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व अजयगढ़ के अजयपाल स्टेडियम में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। रामलीला समिति द्वारा आयोजित समारोह में क्षेत्रीय विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नगर में भगवान श्रीराम, मां काली और दुर्गा प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद स्टेडियम में विशाल जनसमुदाय की उपस्थिति में भगवान श्रीराम के स्वरूप द्वारा अहंकारी रावण के पुतले का दहन किया गया। परंपरा के अनुसार शाम को नगर की सभी दुर्गा प्रतिमाएं पुरानी तहसील के सामने मां काली की प्रतिमा के समीप एकत्रित हुईं। यहां से भव्य चल समारोह प्रारंभ हुआ। शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान श्रीराम का रथ, उसके पीछे मां काली और फिर विभिन्न दुर्गा प्रतिमाओं की आकर्षक झांकियां चल रही थीं। चल समारोह पुरानी तहसील से पोस्ट ऑफिस, छोटे बस स्टैंड, कछियाना मोहल्ला, मंडी चैराहा और मुख्य बस स्टैंड होते हुए अजयपाल स्टेडियम पहुंचा। शोभायात्रा के दौरान डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए वहीं बाहर से आए लोक कलाकारों ने रास्ते में अपनी कला का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। अजयपाल स्टेडियम में राजस्थान से आए कलाकार छोटू की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनकी कला को देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए और तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दशहरा केवल असत्य पर सत्य की विजय का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और बुराइयों को समाप्त करने का संदेश भी देता है।

उन्होंने कहा कि दशहरे पर पान का आदान-प्रदान करना और अपने बड़ों का आशीर्वाद लेना हमारी पुरानी परंपराएं हैं। इन परंपराओं के माध्यम से आपसी मनमुटाव दूर होते हैं और समाज में प्रेम एवं भाईचारा बढ़ता है। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की भी चर्चा की। रामलीला समिति द्वारा नगर की सभी नवदुर्गा उत्सव समितियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं विशिष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात भगवान श्रीराम के स्वरूप द्वारा रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान पूरा स्टेडियम जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का संचालन रामलीला समिति के अध्यक्ष दिवाकर खरे एवं संरक्षक संजय सुल्लेरे ने किया। इस अवसर पर तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, दीपेंद्र तिवारी, एसडीओपी अजयगढ़ सहित पुलिस बल, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, रामलीला समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button