प्रसव के बाद 19 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र पर लगाया लापरवाही का आरोप
बच्ची को जन्म देने के बाद बिगड़ी थी सुषमा की हालत, पति ने समय पर उपचार नहीं मिलने का लगाया आरोप

अजयगढ़। नगर के वार्ड क्रमांक 10 निवासी 19 वर्षीय सुषमा अहिरवार की प्रसव के बाद मौत हो गई। परिजनों ने अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर और स्टाफ पर समय पर उपचार नहीं देने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के पति रविंद्र अहिरवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। रविंद्र के मुताबिक, सुषमा की पांच दिन पहले स्वास्थ्य जांच कराई गई थी, जिसमें उनका हीमोग्लोबिन स्तर सामान्य बताया गया था। प्रसव पीड़ा बढ़ने पर 22 नवंबर की रात उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ लाया गया। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उन्होंने बच्ची को जन्म दिया। पति का आरोप है कि प्रसव के कुछ देर बाद सुषमा को रक्तस्राव (ब्लीडिंग) शुरू हो गया। इसकी सूचना स्टाफ नर्स को दी गई, लेकिन उनके मुताबिक नर्स मोबाइल चलाती रही और करीब एक से डेढ़ घंटे तक उपचार में देरी हुई। परिजनों का कहना है कि हालत बिगड़ने पर उनसे निजी वाहन बुलाने को कहा गया। वाहन आने के बाद उसमें ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं होने की बात बताई गई। रविंद्र के अनुसार, डॉक्टर के पहुंचने पर सुषमा को ड्रिप चढ़ाई गई और इंजेक्शन लगाया गया, लेकिन करीब दो घंटे तक रक्तस्राव नहीं रुका। बाद में हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल पन्ना ले जाने की सलाह दी गई। वहां चिकित्सकों ने सुषमा को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उपचार में कथित लापरवाही की जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में अजयगढ़ बीएमओ शोभाराम से प्रतिक्रिया लेने के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।



