जिला स्तरीय एल-1 एवं एल-2 अधिकारियों का एक दिवसीय सेवोत्तम प्रशिक्षण सम्पन्न

पन्ना। कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत पन्ना उमराव सिंह मरावी के मार्गदर्शन में 23 नवंबर को ई-दक्ष केन्द्र संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन पन्ना में एक दिवसीय ‘सेवोत्तम’ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एल-1 एवं एल-2 स्तर के कुल 23 अधिकारियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान सेवोत्तम की अवधारणा, सुशासन एवं नागरिक सेवा प्रदाय की गुणवत्ता, मध्यप्रदेश लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम 2010, सीएम हेल्पलाइन 181, सीपी ग्राम, समाधान ऑनलाइन, जनसुनवाई तथा आईटी आधारित शिकायत निवारण प्रणाली के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, अधिकारियों की जिम्मेदारियों, शिकायतों की मॉनिटरिंग एवं प्रभावी निराकरण प्रक्रिया पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सेवोत्तम के मास्टर ट्रेनर वैभव सोनी एवं प्रशिक्षक धीरज पांडेय द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था के लिए दक्ष बनाना तथा शासकीय सेवाओं के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।



