धर्मपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

आज पन्ना धाम में निकलेगी ऐतिहासिक पृथ्वी परिक्रमा, हजारों सुंदरसाथ होंगे शामिल

पन्ना। प्रणामी संप्रदाय की आस्था, प्रेम और प्रकृति से जुड़ी लगभग 400 वर्ष पुरानी अनूठी परंपरा पृथ्वी परिक्रमा का आयोजन 24 नवंबर, कार्तिक पूर्णिमा को पन्ना धाम में होगा। इस धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न प्रांतों से हजारों की संख्या में सुंदरसाथ श्रद्धालुओं के शामिल होने से मंदिरों की नगरी पन्ना भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर होगी। महामति श्री प्राणनाथ जी की तपोभूमि पन्ना में चली आ रही इस परंपरा का विशेष धार्मिक महत्व है। शरद पूर्णिमा के एक माह बाद कार्तिक पूर्णिमा को आयोजित होने वाली पृथ्वी परिक्रमा में श्रद्धालु नगर के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-वंदन के पश्चात लगभग 27 से 30 किलोमीटर की यात्रा पूरी करते हैं। इस दौरान उन्हें नदी, नाले, पहाड़, गहरी घाटियों और घने जंगलों से होकर गुजरना पड़ता है। यह परंपरा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के संरक्षण, आपसी प्रेम, सामाजिक सद्भाव और विश्व कल्याण का भी संदेश देती है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है। कार्तिक पूर्णिमा पर पन्ना धाम एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और सुंदरसाथ के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button