पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

पन्ना में 50 हजार की रिश्वत लेते उद्यान विभाग का सहायक संचालक ट्रैप, पत्नी ने फेंकी रकम

सागर लोकायुक्त की टीम ने शासकीय आवास पर की ट्रेप कार्रवाई

घर के पीछे से बरामद किए रुपये, पहले 10 हजार की रिश्वत लेने की भी पुष्टि

पन्ना। सागर लोकायुक्त की टीम ने सोमवार, 23 नवंबर को पन्ना में बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई उनके पॉलीटेक्निक कॉलेज के समीप स्थित शासकीय आवास एफ-3 क्वार्टर में की गई। इस दौरान उनकी पत्नी ने लोकायुक्त टीम को देखकर रिश्वत की रकम उठाकर घर के पीछे फेंक दी। टीम ने तलाशी के दौरान रकम बरामद कर ली। पत्नी को भी मामले में सह-आरोपी बनाया गया है। लोकायुक्त के अनुसार, फरियादी भगवत साहू 34 वर्ष पिता दयाशंकर साहू, निवासी ग्राम मनकी, थाना पवई ने वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के तहत ऑयल मिल स्थापित करने के लिए 5 लाख 94 हजार रुपये का ऋण लिया था। फरियादी के मुताबिक, उन्हें 2 लाख 30 हजार 8 रुपये की सब्सिडी मिलनी थी, साथ ही पत्नि को भी इसी योजना के तहत सब्सिडी स्वीकृत हुई थी। बताया जाता है कि कुल 4.51 लाख रूपये सब्सिडी स्वीकृत हुई, लेकिन खाते पर होल्ड लगा दिया गया था। आरोप है कि होल्ड हटवाने और सब्सिडी की राशि जारी कराने के बदले सहायक संचालक ने 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत में विभाग के एक अन्य कर्मचारी प्रजापति द्वारा भी 60 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया था। भगवत साहू ने मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सागर से की। लोकायुक्त टीम ने 19 नवंबर को शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें अधिकारी द्वारा कार्यालय में 10 हजार रुपये लेने और शेष रकम मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोमवार को उप पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उइके और निरीक्षक रोशनी जैन के नेतृत्व में ट्रैप दल पन्ना पहुंचा। योजनाबद्ध तरीके से फरियादी को 50 हजार रुपये देकर अधिकारी के आवास भेजा गया। जैसे ही श्रीवास्तव ने रकम ली, लोकायुक्त टीम कार्रवाई के लिए अंदर पहुंची। टीम को देखकर अधिकारी की पत्नी रष्मि खरे ने रुपये उठाकर क्वार्टर की बाउंड्री के पीछे फेंक दिए। लोकायुक्त टीम ने घर के पीछे से रकम बरामद कर ली। स्थिति तनावपूर्ण होने पर कोतवाली पुलिस से भी बल बुलाना पड़ा। लोकायुक्त उप पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उइके ने बताया कि सहायक संचालक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। उनकी पत्नी को भी सह-आरोपी बनाया गया है। मामले की विवेचना जारी है। इस कार्यवाही से जिले भर में हडकंप मच गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button