पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

विश्व धरोहर सप्ताह पर चैमुखनाथ मंदिर में हेरिटेज वॉक का आयोजन

चैमुखनाथ मंदिर की ऐतिहासिक महिमा से रूबरू हुए हजारों ग्रामीण

सलेहा। विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर मंगलवार को नचने-कुठार स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के प्रसिद्ध चैमुखनाथ मंदिर परिसर में हेरिटेज वॉक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान अतिथियों ने भगवान चैमुखनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विकास की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान ऐतिहासिक धरोहरों, प्राचीन मंदिरों एवं उनकी अद्भुत स्थापत्य कला से अतिथियों और उपस्थित लोगों को परिचित कराया गया। विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि गुनौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत नचने में स्थित प्राचीन शिव मंदिर एवं पार्वती मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनकी ख्याति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। यह क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया में पहचान मिल रही है। चैमुखनाथ मंदिर अपनी अनूठी मूर्तिकला, ऐतिहासिक महत्व और अद्भुत स्थापत्य शैली के लिए विशेष पहचान रखता है। यह मंदिर यूनेस्को की विश्व धरोहर की प्रस्तावित सूची में शामिल है। पन्ना जिले के लिए यह गौरव का विषय है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष जलसी बाई, जनपद पंचायत सीईओ रानू जैन सहित सरपंच चंद्रवती विश्वकर्मा एवं ग्राम पंचायत सचिव प्रीतम सिंह भी उपस्थित रहे। अतिथियों का भगवान चैमुखनाथ का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक अधिकारी, अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि हमारी ऐतिहासिक धरोहरें केवल प्राचीन इमारतें नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था, परंपरा और पहचान की अमूल्य विरासत हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत आयोजित हेरिटेज वॉक जैसे कार्यक्रमों से क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button