पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

चार सौ साल से कायम अनूठी परंपरा, प्रकृति प्रेम और विश्व कल्याण का देती है संदेश

देश-विदेश से हजारों सुंदरसाथ ने की पृथ्वी परिक्रमा

गोवर्धन और चित्रकूट की तर्ज पर मार्ग विकास व सीमांकन की उठी मांग

पन्ना। विंध्याचल पर्वत श्रृंखला पर बसी पन्ना नगरी की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान लगभग चार सौ वर्षों से चली आ रही पृथ्वी परिक्रमा की अनूठी परंपरा से जुड़ी है। प्रकृति प्रेम, विश्व कल्याण और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश देने वाली इस परंपरा का निर्वहन कार्तिक पूर्णिमा पर आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है। मंगलवार 24 नवंबर को पांच पद्मावती पुरी धाम में आयोजित पृथ्वी परिक्रमा में देश के विभिन्न प्रांतों के साथ नेपाल और कनाडा सहित विदेशों से भी हजारों की संख्या में सुंदरसाथ, साधु-संत और श्रद्धालु शामिल हुए। प्रणामी धर्म की मान्यताओं के अनुसार लगभग 400 वर्ष पूर्व महामति श्री प्राणनाथ जी जब इस क्षेत्र में आए तो उन्होंने विंध्याचल पर्वत श्रृंखला के इस प्राकृतिक और आध्यात्मिक महत्व वाले स्थल को अपनी कर्मभूमि बनाया। धार्मिक मान्यता है कि प्राचीन शास्त्रों में भी इस क्षेत्र का उल्लेख पूर्णब्रह्म परमात्मा के आगमन की भविष्यवाणी के संदर्भ में मिलता है। महामति श्री प्राणनाथ जी ने पन्ना नगरी को बसाया और बुंदेलखंड के महान शासक महाराजा छत्रसाल जी को राजतिलक कर पन्ना का महाराजा बनाया। तभी से पन्ना प्रणामी धर्मावलंबियों की आस्था का प्रमुख केंद्र और देश-विदेश के सुंदरसाथ का सबसे बड़ा तीर्थ बना हुआ है। शरद पूर्णिमा के ठीक एक माह बाद कार्तिक पूर्णिमा को होने वाली लगभग 30 किलोमीटर लंबी पृथ्वी परिक्रमा में श्रद्धालु किलकिला नदी, पहाड़ियों, नदी-नालों और घने जंगलों से होकर पन्ना धाम की परिक्रमा करते हैं। प्रणामी धर्मावलंबी इसे अपने प्रियतम प्राणनाथ की खोज और प्रकृति के सानिध्य में आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर मानते हैं।

सुबह छह बजे चारों मंदिरों की परिक्रमा के साथ इसका शुभारंभ हुआ। कौआ सेहा से लेकर किलकिला नदी, चैपड़ा मंदिर और खेजरा मंदिर तक जयकारों और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पन्ना पुण्यभूमि है और इसकी परिक्रमा करना सौभाग्य की बात है। पृथ्वी परिक्रमा में शामिल हजारों सुंदरसाथ और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आए श्रद्धालुओं ने भी जगह-जगह सेवा शिविर लगाए। इन शिविरों में चाय, नाश्ता, भोजन और पेयजल की निःशुल्क व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं की इस सेवाभावना और सहयोग की श्री 108 प्राणनाथ मंदिर ट्रस्ट ने सराहना करते हुए सभी सेवाभावी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।गोवर्धन और चित्रकूट की तर्ज पर विकसित हो परिक्रमा मार्ग पन्ना की लगभग 30 किलोमीटर लंबी पृथ्वी परिक्रमा को मथुरा-वृंदावन के गोवर्धन पर्वत और चित्रकूट धाम की परिक्रमा की तर्ज पर धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने की आवश्यकता है। मार्ग के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों का विकास कर पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, विश्राम स्थल और सुरक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो पन्ना देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्रों में अपनी अलग पहचान बना सकता है। इससे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। इस प्राचीन परंपरा को भविष्य के लिए सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पूरे परिक्रमा मार्ग का सर्वेक्षण कर आधिकारिक नक्शा तैयार करना भी जरूरी है। मार्ग का कुछ हिस्सा उत्तर वन मंडल के अंतर्गत आता है। वहीं शहर से लगी इंद्रपुरी कॉलोनी के आगे लोकपाल सागर तालाब और पहाड़ी क्षेत्र से होकर भी परिक्रमा मार्ग गुजरता है। वन विभाग, राजस्व विभाग, नगर पालिका और जिला प्रशासन को संयुक्त रूप से पूरे मार्ग का नक्शा तैयार कर वन क्षेत्र, पहाड़ियों, तालाब, नदी-नालों और अन्य स्थलों को स्पष्ट रूप से चिह्नित करना चाहिए। विधिवत सीमांकन और संबंधित विभागों के अभिलेखों में मार्ग का उल्लेख होने से भविष्य में अतिक्रमण, विवाद अथवा परिक्रमा में किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न होने की आशंका को रोका जा सकेगा। करीब चार शताब्दियों से चली आ रही यह परंपरा पन्ना की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत है। आवश्यकता है कि शासन-प्रशासन इसके संरक्षण और विकास के लिए दीर्घकालिक योजना बनाए, ताकि आस्था के इस अनूठे मार्ग को पर्यटन और रोजगार से जोड़ने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित रखा जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button