मड़ला घाटी में कट्टा अड़ाकर कार लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश
वारदात के चार घंटे के भीतर दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

लूटी गई स्विफ्ट डिजायर बरामद, दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
पन्ना। मड़ला घाटी में कार चालक को कट्टा अड़ाकर स्विफ्ट डिजायर कार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पन्ना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ ने प्रेसवार्ता आयोजित कर जानकारी दी। बताया जाता है कि वारदात के महज चार घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने लूटी गई कार और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, झांसी निवासी पवन कुमार शिवहरे 39 वर्ष अपनी स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक यूपी 14 डीएक्स 6171 किराये पर चलाते हैं। 23 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे झांसी रेलवे स्टेशन पर चार अज्ञात व्यक्ति यात्री बनकर मिले और उन्होंने बागेश्वर धाम तथा मैहर घूमने के लिए कार बुक की। दोनों स्थानों की यात्रा के बाद पवन उन्हें लेकर वापस झांसी लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7ः30 बजे मड़ला थाना क्षेत्र की मड़ला घाटी स्थित खिल चैकी पुलिया के पास कार में बैठे एक आरोपी ने चालक को कट्टा अड़ा दिया, जबकि दूसरे ने पेट में दो-तीन घूंसे मारकर वाहन रोकने को कहा। इसके बाद चारों आरोपी चालक से 2,500 रुपये नकद, मोटोरोला मोबाइल फोन और कार लूटकर पन्ना की ओर भाग गए। लूट के बाद भागते समय आरोपियों की कार घटनास्थल से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर आगे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहुंच गई थी। मड़ला घाटी में यातायात व्यवस्था में पुलिस की मदद के लिए तैनात जेके सीमेंट की क्यूआरटी टीम के कर्मचारियों ने कार को सुरक्षित सड़क पर पहुंचाया। इसके बाद आरोपी कार लेकर पन्ना की ओर निकल गए। कुछ समय बाद फरियादी पवन कुमार क्यूआरटी कर्मचारियों को मिले और उन्होंने अपने साथ हुई लूट की जानकारी दी। क्यूआरटी कर्मचारी ने अपने मोबाइल से डायल 112 को सूचना दी और फरियादी को लेकर थाने पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को नाकाबंदी और सघन वाहन जांच के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चैहान के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पन्ना आनंद निवारी के नेतृत्व में जिलेभर में चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान शाहनगर पुलिस अस्पताल चैराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। तभी पन्ना की ओर से आई लूटी गई कार बैरिकेडिंग को टक्कर मारकर कटनी की ओर भागने लगी। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए कचैरी मोड़ के पास घेराबंदी की। रामराजा प्लांट के आगे कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत की तारबाड़ी के पत्थर के खंभे से टकरा गई। कार में सवार चार आरोपियों में से दो को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।

यूपी के बांदा के आरोपी शामिल, मुख्य आरोपी पर सात पुराने प्रकरण
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अनूप सिंह निवासी बांदा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। उसके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। फरार आरोपियों में हिमांशु उर्फ शुभम सिंह ठाकुर, निवासी आरटीओ कार्यालय के सामने बांदा तथा राघव गौतम उर्फ आर्य गौतम, निवासी ग्राम तेंदुरा, थाना बिसंडा, जिला बांदा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के मुख्य आरोपी राघव गौतम उर्फ आर्य गौतम के विरुद्ध उत्तर प्रदेश के थाना बिसंडा और थाना बांदा में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित सात आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य स्थानों पर हुई एटीएम अथवा लूट की घटनाओं से जुड़े संभावित सुराग भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार और एक हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। प्रकरण में थाना मड़ला में अपराध क्रमांक 57ध्2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 311, 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। कार्रवाई में मड़ला थाना प्रभारी निरीक्षक बखत सिंह ठाकुर, शाहनगर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रवि सिंह जादौन, सहायक उपनिरीक्षक रंजीत कुंजूर, रामकृष्ण पाण्डेय, प्रधान आरक्षक मनोज त्रिपाठी, ईश्वर दयाल, हेमंत रावत, धर्मेन्द्र हरदेनिया, रामपाल बागरी, आरक्षक राकेश सिंह, रेखा भिलाला, चन्द्र कुमार, ऐश्वर्य प्रताप सिंह, नान सिंह, अशोक खरेत, दुर्गाभान बागरी, महिला आरक्षक रेखा सिंह, पायलट अफजल अली, मड़ला थाने के सहायक उपनिरीक्षक वृन्दावन, आरक्षक राजपाल यादव, सुरेश कुमार, राहुल अहिरवार और साइबर सेल टीम का योगदान रहा।




